निगमायुक्त ने वेंकट लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सुदृढ़ फर्नीचर व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुधार कार्यों का प्रस्ताव तैयार करने दिए निर्देश

निगमायुक्त ने वेंकट लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सुदृढ़ फर्नीचर व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुधार कार्यों का प्रस्ताव तैयार करने दिए निर्देश

कटनी। नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने बुधवार प्रातः वेंकट लाइब्रेरी का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध पुस्तक संग्रह, साफ सफाई ,प्रकाश व्यवस्था,शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, आवश्यक रखरखाव सहित पाठकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं को और बेहतर और सुचारू बनाने तथा अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं पाठकों को गुणवत्तापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के संबंध में सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उपयुक्त श्री शैलेश गुप्ता भी उपस्थित रहे।
पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता का लिया जायजा
निगमायुक्त ने वेंकट लाइब्रेरी में प्रतिदिन अध्ययन हेतु आने वाले छात्र-छात्राओं एवं पाठकों की संख्या तथा उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने लाइब्रेरी में उपलब्ध पाठ्य एवं संदर्भ पुस्तकों, दैनिक समाचार पत्रों का अवलोकन किया। निगमायुक्त ने विद्यार्थियों की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को ध्यान में रखते हुए नवीनतम एवं उपयोगी प्रतियोगी परीक्षा संबंधी पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश वेंकट लाइब्रेरी प्रभारी को दिए।
सफाई व्यवस्था रखें दुरुस्त
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने वेंकट लाइब्रेरी परिसर एवं प्रसाधन कक्ष की साफ-सफाई व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पाठकों एवं विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर एवं प्रसाधन कक्षों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखा जाए।
कंप्यूटर कक्ष का किया निरीक्षण
वेंकट लाइब्रेरी में संचालित कंप्यूटर कक्ष के निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने स्वयं एक कंप्यूटर संचालित कर उसकी कार्यप्रणाली, इंटरनेट स्पीड एवं उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कंप्यूटरों की सुरक्षा एवं बेहतर संचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक एंटीवायरस सॉफ्टवेयर स्थापित कराने तथा आवश्यक सॉफ्टवेयर सब्सक्रिप्शन उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने लाइब्रेरी में उपलब्ध फर्नीचर एवं बुक शेल्फ की व्यवस्था को व्यवस्थित एवं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी वर्षा ऋतु के मद्देनजर परिसर में आवश्यक मरम्मत एवं अन्य आधारभूत सुधार कार्यों का नियमानुसार प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। निगमायुक्त ने वेंकट लाइब्रेरी परिसर के निचले रिक्त स्थल का निरीक्षण कर स्थाई जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बोरिंग की व्यवस्था हेतु भी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान वेंकट लायब्रेरी प्रभारी विजय शर्मा, उपयंत्री जेपी बघेल, स्टेनो आलोक तिवारी, प्रमोद साहू, विनोद सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post