ऐतिहासिक कटाएघाट मेले को सुव्यवस्थित बनाने निगमायुक्त ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

Oplus_16908288

कटनी। नगर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के कटाएघाट मेले के सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं गरिमामय आयोजन को लेकर नगर निगम प्रशासन ने व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने मेले की व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं समन्वित ढंग से पूर्ण कराने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभागवार जिम्मेदारियां सौंपते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर आयोजन के दौरान सतत निगरानी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
नगर पालिक निगम कटनी द्वारा इस वर्ष श्री बजरंग कटाएघाट मेले का आयोजन 24 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक कटनी नदी के किनारे कटाएघाट क्षेत्र में किया जाएगा। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 24 नवंबर को श्री बजरंग बली की शोभायात्रा एवं मेला जुलूस पूर्व की भांति मधई मंदिर के पास से अपराह्न 3 बजे कटनी से निकाला जाएगा। मेले के आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए पहुंच मार्ग की मरम्मत एवं आवश्यक निर्माण कार्य, मेला परिसर की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग, दुकानों एवं स्टॉलों का व्यवस्थित निर्धारण सहित सभी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मेले के सफल आयोजन के लिए उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया को मेला प्रभारी एवं राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक को सहायक मेला प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पहुंच मार्ग एवं मेला स्थल की मरम्मत, आवश्यक सामग्री, पंडाल, बैठक व्यवस्था तथा ले-आउट तैयार करने का दायित्व संबंधित अभियंताओं को सौंपा गया है। मेला स्थल एवं पहुंच मार्ग पर समुचित प्रकाश व्यवस्था, नदी के दोनों किनारों एवं घाटों पर बैरिकेडिंग तथा पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मेले में दुकानों, स्टॉलों, वाहन स्टैंड एवं शासकीय विभागों की प्रदर्शनी के लिए स्थल आवंटन एवं प्लानिंग का कार्य राजस्व विभाग को सौंपा गया है। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए आईईसी टीम के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मेला परिसर एवं पहुंच मार्ग की विशेष साफ-सफाई, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, आवश्यकता अनुसार अस्थायी शौचालय एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मेले में आयोजित होने वाले विज्ञान प्रदर्शनी, खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन, मंच संचालन, प्रतिभागियों की व्यवस्था तथा विभिन्न धार्मिक आयोजनों के समन्वय के लिए संबंधित संस्थाओं एवं अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। इसके साथ ही मेले के प्रचार-प्रसार, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया, पोस्टर, पंपलेट, बैनर, माइक अनाउंसमेंट तथा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरण की व्यवस्थाएं भी निर्धारित की गई हैं।
निगम प्रशासन द्वारा मेले के दौरान दुकानों को व्यवस्थित रखने, अतिक्रमण नियंत्रण, यातायात एवं वाहन पार्किंग, रात्रिकालीन चौकीदारी तथा आयोजन समाप्ति के पश्चात मूर्ति विसर्जन एवं परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों को जिम्मेदार बनाया गया है।
निगमायुक्त ने निर्देशित किया है कि सभी संबंधित अधिकारी मेला प्रभारी के मार्गदर्शन में अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें, व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराएं तथा किए गए कार्यों की पालन प्रतिवेदन के माध्यम से जानकारी प्रस्तुत करें, ताकि ऐतिहासिक कटाएघाट मेले में श्रद्धालुओं, नागरिकों एवं आगंतुकों को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *