शराब दुकान में कट्टा अड़ाने वाले बदमाश कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में, पुलिस की तत्परता से पकड़े गए बदमाश, हथियार भी बरामद

कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत कटनी मुख्य रेलवे स्टेशन के समीप स्थित शराब दुकान में कट्टा लहराकर कर्मचारी को धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले को लेकर शहरभर में चर्चा दौर शुरू हो गया था।
पुलिस के मुताबिक शनिवार देर रात शराब दुकान पर पहुंचे कुछ बदमाशों ने वहां कार्यरत कर्मचारी को कट्टे की नोक पर जान से मारने की धमकी दी थी। घटना के दौरान कट्टा लहराने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
पुलिस कार्रवाई में मुख्य आरोपी गोलू सक्सेना पिता विजय सक्सेना निवासी गांधीगंज को गिरफ्तार किया गया। उसके साथ जानू उर्फ महेंद्र पिता छोटेलाल चौहान निवासी रंगनाथ थाना क्षेत्र तथा अंशुल भारती पिता राजेश भारती निवासी रंगनाथ थाना क्षेत्र को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी गोलू सक्सेना के कब्जे से घटना में उपयोग के उद्देश्य से रखा गया देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। वहीं अन्य दो आरोपियों के पास से धारदार चाकू जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब दुकान कर्मचारी और मुख्य आरोपी के बीच पूर्व से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना पूर्व नियोजित थी या नहीं। कोतवाली पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार के साथ डराने-धमकाने जैसी घटनाओं को गंभीरता से लिया जाएगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *