चाकू लहराकर राहगीरों में दहशत फैला रहा था बदमाश, रंगनाथ नगर पुलिस ने किया गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

कटनी। जिले के रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र में आमजन के बीच धारदार चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सिद्धार्थ राय के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एम्बुलेंस रोड स्थित ग्राउंड फॉरेस्टर वार्ड में एक युवक चाकू लहराकर राहगीरों को धमका रहा है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी प्रियांशु सूर्यवंशी (20) निवासी बी-कैबिन के पास, फॉरेस्टर वार्ड को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी की कमर से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी चाकू रखने का कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। इस मामले में थाना रंगनाथ नगर में अपराध क्रमांक 373/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सिद्धार्थ राय, प्रधान आरक्षक प्रमोद सिंह, महेंद्र दुबे, पवन पाठक, अजय तिवारी तथा आरक्षक वीरेंद्र दहायत एवं माधव साहू की सराहनीय भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *