नकली सोना दिखाकर मुरैना के व्यक्ति से ठगी का मास्टरमाइंड कुठला पुलिस की गिरफ्त में, 1 लाख 55 की ठगी में सिर्फ 5 हजार बरामद, दो अन्य फरार

Oplus_131072

कटनी। कम कीमत में सोने का लालच दिखाकर नकली सोना देकर ठगी करने वाले एक आरोपी को कोटा पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। पकड़े गए आरोपी ने मुरैना निवासी एक व्यक्ति को सोने का लालच देकर ठगी की थी। आपको बता दें कि कटनी जिले में एक के बाद एक इस तरह की तीन घटनाएं घटित हो चुकी हैं। सोने का लालच देकर बाहरी लोगों को कटनी बुलाकर ठगा जा रहा है। कुछ इसी तरह की घटना रीवा जिले के  युवकों के साथ भी घटित हो चुकी है उनकी तो शिकायत तक दर्ज नहीं की गई।

कार्यवाही के संबंध में जानकारी देते हुए कुठला पुलिस ने बताया कि विगत 26 मार्च 2025 को परसरामनगर थाना कोतवाली मुरैना निवासी 41 वर्षीय राय सिंह राठौर पिता जगजीत सिंह राठौर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसने कुम्भ प्रयागराज मेला में प्रसाद की दुकान लगाई थी। वही पर बगल में नन्दकुंवर पारधी अपने रिश्तेदार शहनशाह उर्फ लल्लू पारधी के साथ सपरिवार रुद्राक्ष की दुकान लगाया था। वही पर इसकी पहचान हो गई थी। जिसने सस्ते में सोना देने का बोलकर अपने मोबाइल में सोने के टुकड़े दिखाया था। मेला समाप्ति के बाद फरियादी अपने ग्रह ग्राम चला गया तथा आरोपियों से दूरभाष के माध्यम से सम्पर्क कर गत 5 मार्च 2025 को सोना का सैम्पल लेने अपने एक अन्य साथी के साथ कटनी आया और कटनी पन्ना रोड में दो सोने के टुकड़े 25 हजार रुपए में लेकर अपने घर वापस मुरैना चला गया। चैक करने पर सही माल होने से आरोपी से और सोना लेने का कहा, जिसपर आरोपियों ने 24 मार्च 2025 को कटनी बायपास पन्ना रोड़ के जंगल में बुलाया। जहाँ आरोपियों ने सोना देने का कहकर फरियादी से 1 लाख 55 हजार रुपये ले लिए और रुपये लेकर भाग गए। जिसकी रिपोर्ट पर थाना कुठला में ठगी का मामला सुसंगत धाराओं में पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस अधीक्षक कटनी अभिजीत कुमार रंजन द्वारा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी किए जाने निर्देशित किया गया। जिनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक ख्याति मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक राजेन्द्र मिश्र के नेतृत्व में कुठला पुलिस ने लगातार आधुनिक तकनीकों के साथ साथ परम्परागत आसूचना संकलन करते हुए 28 मार्च 2025 को सरगना आरोपी नन्दकुंवर पारधी पिता किरमताल पारधी उम्र 44 वर्ष निवासी महुआखेड़ा कोफना घाटी थाना शाहनगर जिला पन्ना को अमराडांड कीला फैक्टरी के पास से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ करने पर उसने अपने अन्य सहयोगियों के साथ घटना करना कबूल किया। आरोपी के कब्जे से ठगी हुई रकम में से 5 हजार रुपये, घटना में प्रयुक्त मोबाइल एवं एक धारदार चाकू जप्त कर मौके से विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को पुलिस रिमाण्ड में लेकर जिले में अन्य घटित घटनाओं एवं फरार आरोपियों के बारे में पूछताछ की गई। यहाँ उल्लेखनीय है कि आरोपी एवं उसके साथियों के मध्य ठगी की रकम बटवारा को लेकर आपस में विवाद व मारपीट भी हुई है। ऐसा पूछताछ में आरोपी न बताया। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहाँ से आरोपी को जिला जेल कटनी भेज दिया गया है। इस मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं।

आरोपी को गिरफ्तार करने में निरीक्षक राजेन्द्र मिश्र के नेतृत्व में उप निरीक्षक सौरभ सोनी, उप निरीक्षक मेघा मिश्रा, के0के0 सिंह, विनोद सिंह, सहायक उप निरीक्षक श्याम नारायण सिंह, प्रधान आरक्षक नन्दकिशोर अहिरवार, भगवत चौधरी, रामेश्वर सिंह, सविता तिवारी, आरक्षक पुष्पेन्द्र त्रिपाठी, बालकृष्ण तिवारी, मनोज सिंह राजपूत, हर्षुल मिश्रा एवं अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *