हाईवे पर चाकूबाजी की वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, निवार पुलिस जबलपुर जिले से लिया गिरफ्त में

कटनी। जिले की चौकी निवार पुलिस ने हाईवे पर चालक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को ग्राम लखापतेरी बायपास स्थित जियो पेट्रोल पंप के पास कार चालक शैलेश कुमार यादव (30), निवासी गुलवारा, थाना माधवनगर की कार को आरोपियों ने अपनी गाड़ी से रोक लिया। ओवरटेक करने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने शैलेश पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को तत्काल जिला अस्पताल कटनी में भर्ती कराया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना माधवनगर में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने पेट्रोल पंप और बायपास मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की गई।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने संदीप बर्मन (30), पिता रामजी बर्मन, निवासी करारी सिमरिया बैलखडू, थाना कटंगी, जिला जबलपुर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जबलपुर से कटनी आते समय ओवरटेक करने के विवाद के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
घटना में प्रयुक्त कार जब्त
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार क्रमांक MP 20 ZP 9661 को भी जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के विरुद्ध कटनी एवं जबलपुर के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय दुबे, चौकी प्रभारी अंजनी मिश्र, उपनिरीक्षक राजेश कोरी, कमलेश्वर शुक्ला, संतोष प्रजापति, देवेश कुमार, अंकित दुबे, गौरव सेन, अरविंद कुशवाहा, वकील यादव एवं शुभम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश एवं आगे की विवेचना जारी है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *