खुद लेट आने वाले बांट रहे ईमानदारी का ज्ञान, रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नियमों को ठेंगा, कटनी से अप-डाउन कर रहे कर्मचारी

कटनी। जिले की रीठी तहसील मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इन दिनों कर्मचारियों की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। यहां पदस्थ कुछ कर्मचारी और अधिकारी स्वयं शासन के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर मैदानी कर्मचारियों को ईमानदारी और अनुशासन का पाठ पढ़ाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि शासकीय कर्मचारी अपने मुख्यालय में निवास करें तथा सुबह 10 बजे तक कार्यालय में उपस्थित होकर कार्य प्रारंभ करें। इसके बावजूद स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ कुछ कर्मचारी मुख्यालय में न रहकर कटनी शहर से रोजाना अप-डाउन कर रहे हैं।
स्थिति यह है कि कई कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचते, लेकिन जब बात मैदानी कर्मचारियों की आती है तो उन्हीं कर्मचारियों का अफसरशाही अंदाज देखने को मिलता है। ड्यूटी में ईमानदारी और समय पालन का रौब झाड़ते हुए कर्मचारियों को फटकार लगाई जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब जिम्मेदार कर्मचारी खुद नियमों का पालन नहीं कर रहे तो दूसरों को नसीहत देना सिर्फ दिखावा साबित हो रहा है। इससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले में कोई कार्रवाई करते हैं या फिर नियमों की अनदेखी का यह सिलसिला यूं ही चलता रहेगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *