निगम अध्यक्ष की सख्ती का हुआ असर, खराब सीसी रोड का सुधार कार्य शुरू, दो वार्डों में फिर पहुंचे मनीष पाठक

कटनी। मसुरहा वार्ड और जालपा देवी वार्ड में सीसी रोड निर्माण की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बीच नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक की सख्ती का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। पूर्व निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में मिली खामियों पर नाराजगी जताने के बाद निर्माण एजेंसी ने सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों के सुधार का काम शुरू कर दिया है।
शनिवार को निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने दोनों वार्डों का पुनः निरीक्षण कर चल रहे सुधार कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुधार कार्य पूरी गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निगम अध्यक्ष ने कहा कि नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनता के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण करना नहीं, बल्कि लोगों को टिकाऊ और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
श्री पाठक ने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि सुधार कार्य पूर्ण होने तक नियमित निगरानी रखी जाए और प्रत्येक चरण की गुणवत्ता जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष ने क्षेत्रीय नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहभागिता और सुझाव बेहतर विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण हैं। इस दौरान अज्जू सोनी, लालू साहू, बलराम जायसवाल, चीकू जायसवाल, मुन्ना जायसवाल, शैलेंद्र जायसवाल, विनोद गुप्ता, चंदन गुप्ता, नितिन गौतम, मनोज खरे, लवी सुहाने सहित क्षेत्रीय नागरिक एवं निर्माण एजेंसी के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *