नागरिकों को स्वच्छ एवं सुचारू जलापूर्ति को लेकर निगम प्रशासन निरंतर प्रयासरत, लीकेज मरम्मत से लेकर आपूर्ति तक एक्टिव टीमें
कटनी। नगरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा विभिन्न स्तरों पर प्रभावी एवं सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। निगम प्रशासन द्वारा जल प्रदाय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ जल गुणवत्ता बनाए रखने एवं जल वितरण प्रणाली को अधिक व्यवस्थित बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिसके तहत विगत दिवस नगर के 15 स्थानों की लीकेज की मरम्मत का कार्य कराया गया। वही नगर के विभिन्न 15 स्थलों से जल के सैंपल लिए जाकर जांच हेतु भेजे गए। नगर निगम की जलप्रदाय शाखा के कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा ने बताया की इस कार्य हेतु जल प्रदाय शाखा की टीम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल पाइपलाइन की नियमित निगरानी, लीकेज सुधारने, वाल्व संचालन, जलाशयों की सफाई एवं जल गुणवत्ता परीक्षण जैसे कार्य प्राथमिकता के साथ किए जा रहे हैं। इसके साथ ही जलापूर्ति प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में त्वरित सुधार कार्य कर नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
गर्मी एवं आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए निगम द्वारा जल संरचनाओं के रखरखाव, पंपिंग स्टेशनों की कार्यक्षमता बढ़ाने तथा वितरण नेटवर्क को सुदृढ़ करने की दिशा ने भी कार्य किए जा रहे हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी क्षेत्र में जलापूर्ति संबंधी समस्या की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर टैंकरों के माध्यम से स्वच्छ जल आपूर्ति हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। नगर निगम का उद्देश्य केवल जलापूर्ति करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ एवं गुणवत्ता युक्त पेयजल पहुंचाना है। इसी सोच के साथ निगम प्रशासन आधुनिक तकनीकों एवं बेहतर प्रबंधन के माध्यम से जल सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि जल संरक्षण को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाएं, अनावश्यक जल व्यय रोकें तथा जलापूर्ति संबंधी किसी भी समस्या की जानकारी निगम को उपलब्ध कराएं, जिससे त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।








