गुरु नानक देव जी के जयकारों से गूंजा शहर, बरही रोड से निकली भव्य वाहन रैली, रैली का विश्राम बाबा स्थित लॉरेंस लाइन गुरुद्वारा कमेटी ने किया भव्य स्वागत, 24 नवंबर को मनाया जाएगा प्रकाश पर्व
कटनी। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर शहर में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में श्री गुरु सिंह सभा बरही रोड के तत्वावधान में आज शहर में विशाल वाहन रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में सिख समाज सहित अन्य समाजों के लोगों ने शामिल होकर अपनी सहभागिता निभाई। गुरु नानक देव जी के जयकारों से शहर के प्रमुख मार्ग गुंजायमान हो उठे। वाहन रैली का शुभारंभ बरही रोड स्थित गुरुद्वारे से हुआ। यहां से रैली घंटाघर, चांडक चौक, मिशन चौक, बरगवां और माधवनगर गेट होते हुए विश्राम बाबा पहुंची। यहां लॉरेंस लाइन गुरुद्वारा कमेटी द्वारा वाहन रैली का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। स्वागत के बाद रैली माधवनगर से शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः बरही रोड स्थित गुरुद्वारे पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
24 नवंबर को मनाया जाएगा प्रकाश पर्व
समाजसेवी लकी ग्रोवर ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी 24 नवंबर को गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रकाश पर्व को लेकर समाज के लोगों में विशेष उत्साह है और आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
29 नवंबर को होगा विशाल भंडारा
इसी धार्मिक आयोजन की श्रृंखला में आगामी 29 नवंबर को लॉरेंस लाइन गुरुद्वारा, विश्राम बाबा में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर गुरु नानक देव जी के बताए प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे के संदेश को आत्मसात करने की अपील की है।