बाल बाल बचे दूल्हा दुल्हन, विदाई के बाद लौट रहे दूल्हा-दुल्हन की बोलेरो को ट्रक ने मारी टक्कर, पांच घायल

कटनी। कटनी जिले के जुहला बाईपास पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में चिंता और अफरा-तफरी में बदल दिया। विदाई के बाद अपने घर लौट रहे दूल्हा-दुल्हन की बोलेरो वाहन को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, शहडोल जिले के बेनीबारी गांव से दूल्हा-दुल्हन की विदाई के बाद परिजन दमोह जिले के हटा क्षेत्र स्थित ग्राम हरदीटोला लौट रहे थे। जब उनकी बोलेरो कटनी के जुहला बाईपास के पास पहुंची, तब वाहन में सवार लोग निस्तार के लिए सड़क किनारे रुके थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हादसे में दूल्हा रामा बंजारा (23 वर्ष), दुल्हन लीला बंजारा (25 वर्ष), काढा बंजारा, चन्नू बंजारा सहित एक अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं। सभी को तत्काल कटनी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही एनकेजे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। गनीमत रही कि इस भीषण सड़क हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन शादी के बाद खुशियों के साथ घर लौट रहा परिवार हादसे का शिकार हो गया, जिससे दोनों परिवारों में चिंता का माहौल है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *