एल एंड टी कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भगाने की फिराक में था आरोपी, कोतवाली पुलिस ने दबोचा, चाकू बरामद

कटनी। एल एंड टी कंपनी में कार्यरत एक सिक्योरिटी गार्ड पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई को जिला अस्पताल से सूचना मिली कि एल एंड टी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत रंजीत सिंह सिकरवार (39) घायल अवस्था में भर्ती हैं। अस्पताल पहुंची पुलिस को घायल ने बताया कि 30 जून की रात वह बार्डस्ले स्कूल के पीछे रेलवे लाइन किनारे स्थित कंपनी की साइट पर ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान आसू उर्फ एलीसा पॉल वहां पहुंचा और साइट पर रखा लोहे का सामान उठाने लगा। मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और चाकू से हमला कर दिया। बचाव के दौरान चाकू रंजीत सिंह के बाएं कान के पास लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। घायल की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 710/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कैलवारा फाटक के पास भागने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आसू उर्फ एलीसा पॉल (45) निवासी बाबली टोला, आजाद चौक, कटनी बताया। आरोपी ने वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया गया। जांच में आरोपी के विरुद्ध पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज होना सामने आया है। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने कहा कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले और हिंसक अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा आम नागरिकों और सुरक्षा कर्मियों पर हमला करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *