हाईवे में चाकूबाजी का आरोपी बड़ोदरा गुजरात से गिरफ्तार, ओवरटेक के विवाद में चालक पर किया था जानलेवा हमला, निवार पुलिस ने दबोचा, न्यायालय ने भेजा जेल
कटनी। चौकी निवार पुलिस ने हाईवे पर हुए जानलेवा चाकूबाजी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार आरोपी को गुजरात के बड़ोदरा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल कटनी भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन, उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी माधवनगर संजय दुबे के नेतृत्व में चौकी प्रभारी निवार अंजनी मिश्र एवं उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को ग्राम लखापतेरी बायपास स्थित जियो पेट्रोल पंप के पास अज्ञात आरोपियों ने एक कार चालक की गाड़ी रोककर उस पर चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में शैलेश कुमार यादव (30) निवासी गुलवारा गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय कटनी में भर्ती कराया गया। घटना के बाद थाना माधवनगर में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने पेट्रोल पंप और बायपास मार्ग के सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्की उर्फ बिक्रम राजपूत (23) निवासी पड़री, थाना पनागर, जिला जबलपुर (वर्तमान निवास कोहली, जवाहर नगर, गुजरात) के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जबलपुर से कटनी आते समय ओवरटेक करने को लेकर हुए विवाद के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चालक पर चाकू से हमला किया था। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय दुबे, चौकी प्रभारी अंजनी मिश्र, उपनिरीक्षक राजेश कोरी, संतोष प्रजापति एवं शुभम सिंह की सराहनीय भूमिका रही।