परिवहन विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, तीसरे दिन भी चला सघन जांच अभियान, 9 वाहन जब्त, ओवरलोड ट्रक और बिना परमिट बसों पर कसा शिकंजा

कटनी। जिले में अवैध एवं नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ प्रशासन का सख्त रुख लगातार जारी है। कलेक्टर कटनी के निर्देश एवं मार्गदर्शन में परिवहन विभाग द्वारा तीसरे दिन भी सघन जांच अभियान चलाया गया, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल के नेतृत्व में यह अभियान कटनी-उमरिया मार्ग और कैमोर रोड पर अचानक दबिश देकर संचालित किया गया। अभियान के दौरान करीब 45 वाहनों की गहन जांच की गई, जिसमें दस्तावेजों की वैधता, फिटनेस, परमिट, ओवरलोडिंग और यात्री सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान दिया गया।
जांच में 9 वाहनों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए जब्ती की कार्यवाही की गई। 5 ट्रकों में दस्तावेजों की कमी मिलने पर उन्हें थाना कैमोर में सुरक्षित रखा गया। 2 ट्रक ओवरलोड पाए गए, जिन पर कार्रवाई करते हुए जब्त किया गया। 2 यात्री बसें बिना वैध परमिट के संचालित होती पाई गईं, जिन्हें जब्त कर थाना कुठला में खड़ा कराया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना परमिट वाहन संचालन और ओवरलोडिंग न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल ने कहा कि जिले में अवैध परिवहन गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी वाहन संचालकों को आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखने और नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस कार्रवाई में परिवहन विभाग के साथ स्थानीय पुलिस का भी सहयोग रहा। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगे भी इस तरह के सघन अभियान जारी रहेंगे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *