DAV पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने किया थाना माधवनगर का शैक्षणिक भ्रमण, पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से जाना

कटनी। DAV पब्लिक स्कूल, कटनी के छात्र-छात्राओं ने शनिवार को अपने शिक्षकों के साथ थाना माधवनगर, जिला कटनी का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान थाना प्रभारी श्री शैलेन्द्र सिंह यादव एवं थाना स्टाफ ने विद्यार्थियों और शिक्षकों का स्वागत किया तथा उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को थाने की विभिन्न शाखाओं, जिनमें मुंशी शाखा, महिला डेस्क, मालखाना, CCTNS शाखा एवं जनसुनवाई शाखा शामिल हैं, का अवलोकन कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने शिकायत प्राप्त करने, प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने तथा अपराधों की विवेचना की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया।
यातायात नियमों और साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी। इस अवसर पर बच्चों को ब्रेथ एनालाइजर यंत्र भी दिखाया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस उपकरण की सहायता से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की जाती है। साथ ही नशे में वाहन चलाने के दुष्परिणामों और इससे होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने तथा अजनबी व्यक्तियों से सतर्क रहने के उपाय भी बताए गए। आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता के लिए 100 एवं 112 तथा बच्चों की सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई।
गुड टच-बैड टच की दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
भ्रमण के दौरान बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में सरल एवं संवेदनशील तरीके से समझाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अनुचित स्पर्श या असहज स्थिति में बच्चों को स्पष्ट रूप से ‘नहीं’ कहना चाहिए, वहां से सुरक्षित स्थान पर जाना चाहिए तथा तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को इसकी जानकारी देनी चाहिए। इस माध्यम से बच्चों को आत्म-सुरक्षा के प्रति जागरूक और सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस की भूमिका से परिचित हुए विद्यार्थी
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम, अपराधियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्य करती है। इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पुलिस के प्रति विश्वास एवं सहयोग की भावना विकसित करना और उन्हें कानून, सुरक्षा, यातायात नियमों तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाना रहा। भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को पुलिस की जिम्मेदारियों और समाज में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका को नजदीक से समझने का अवसर मिला।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *