निगमायुक्त तपस्या परिहार का सख्त रुख, चार दरोगाओं, हाका गैंग प्रभारी और नामांतरण लिपिक को थमाया नोटिस, अवैध मैरिज गार्डन, अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई के लिए बनेगा रोस्टर, राजस्व वसूली में लापरवाही पर भी निगमायुक्त ने जताई नाराजगी

कटनी। नगर निगम कटनी में लंबित प्रकरणों के निराकरण, स्वच्छता व्यवस्था, राजस्व वसूली और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर निगमायुक्त तपस्या परिहार ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में उन्होंने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण करने और अधीनस्थ कर्मचारियों के कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही और नामांतरण प्रकरणों के निराकरण में उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
स्वच्छता में लापरवाही पर चार दरोगाओं को नोटिस
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था, सार्वजनिक मार्गों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों पर नियंत्रण और डेयरी विस्थापन की कार्रवाई में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर निगमायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी को भी व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए।
स्वच्छता मित्रों की कम उपस्थिति के मामले में वार्ड क्रमांक 18, 19, 20, 21 एवं 35 के दरोगाओं से संबंधित लापरवाही पर रतन परिहार, नरेंद्र सोनखरे, गौरव तिवारी एवं जितेंद्र मलिक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही हाका गैंग प्रभारी के विरुद्ध भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। नवरात्रि पर्व को देखते हुए मंदिरों, धार्मिक स्थलों और दुर्गा प्रतिमा पंडालों के आसपास विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। निगमायुक्त ने पंडालों में डस्टबिन रखवाने, स्वच्छता जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने तथा प्रसाद वितरण और भंडारों में कागज से निर्मित डिस्पोजल सामग्री के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए दुर्गा समितियों से समन्वय बनाने के निर्देश दिए।
राजस्व वसूली में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने कहा कि राजस्व विभाग नगर निगम की रीढ़ है और शहर का विकास निगम की आय पर निर्भर करता है। उन्होंने राजस्व अमले को निर्धारित दैनिक वसूली लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने, बड़े बकायादारों से नियमित संपर्क करने और शत-प्रतिशत डिमांड नोटिस वितरित करने के निर्देश दिए। नामांतरण प्रकरणों के ऑनलाइन निराकरण में आ रही समस्याओं की समीक्षा के दौरान नामांतरण लिपिक संजय पाठक के कार्य में लापरवाही पाए जाने पर अंतिम चेतावनी देते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
अवैध निर्माण और मैरिज गार्डन पर होगी कार्रवाई
नगर में अवैध मैरिज गार्डनों के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ भवन अनुज्ञा के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए। बिना अनुमति या स्वीकृत अनुमति के विपरीत किए गए निर्माणों को चिह्नित कर रोस्टर के अनुसार नोटिस जारी करने और नियमानुसार कंपाउंडिंग की कार्रवाई करने को कहा गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित निर्माणों को तोड़ने की कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश भी दिए गए। निगमायुक्त ने उपयंत्रीवार लंबित भवन अनुज्ञा प्रकरणों की समीक्षा करते हुए फाइलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई के लिए रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए।
विकास परियोजनाओं को समय-सीमा में पूरा करने पर जोर
नगर के महत्वपूर्ण विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने प्रियदर्शनी बस स्टैंड, सराय कॉम्प्लेक्स, गोल बाजार, सब्जी मंडी, मीट मार्केट, डेयरी प्रोजेक्ट, हॉकर्स जोन और खिरहनी मार्केट सहित अन्य परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन, निविदा, दर स्वीकृति, अनुबंध और कार्य प्रारंभ करने की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने को कहा। उन्होंने शहर में वार्डवार छोटे-छोटे हॉकर्स जोन विकसित करने के निर्देश भी दिए, ताकि छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जा सके।
आवास और पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा
प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 एवं 2.0 की समीक्षा के दौरान पूर्ण, प्रगतिरत और अपूर्ण आवासों की स्थिति, हितग्राहियों को किश्तों का भुगतान, लंबित आवेदनों और नवीन डीपीआर की जानकारी ली गई। निगमायुक्त ने पात्र परिवारों को समय पर पक्के आवास उपलब्ध कराने तथा लंबित प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए प्रभारी यश रजक को साप्ताहिक लक्ष्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वनिधि से समृद्धि और क्रेडिट कार्ड से संबंधित प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण करने को कहा, ताकि पात्र छोटे व्यापारियों को योजना का लाभ मिल सके।
कटाएघाट मेले की तैयारियों सहित अन्य कार्यों की समीक्षा
बैठक में रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण, महापौर जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों, दैनिक जलापूर्ति, स्वच्छ भारत मिशन की गतिविधियों, संबल योजना के लंबित प्रकरणों और आईएचएसडीपी भवनों के आवंटन की भी समीक्षा की गई।
कटाएघाट मेले के आयोजन को लेकर झूलों एवं अन्य मनोरंजक गतिविधियों, वाहन स्टैंड और टेंडर प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा नदियों के सीमांकन के बाद पत्थर लगाने की कार्रवाई शीघ्र शुरू करने तथा नगर निगम के दिशा-सूचक बोर्डों पर निजी बैनर-पोस्टर लगाने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में उपायुक्त प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह एवं सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक सहित सभी शाखा प्रमुख, सहायक यंत्री, उपयंत्री और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता, राजस्व वसूली, विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करना होगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *