कामायनी एक्सप्रेस में चोरी, प्रतियोगी छात्र का लैपटॉप और मार्कशीट लेकर चोर फरार

कटनी। मुंबई से बनारस की यात्रा कर रहे एक प्रतियोगी छात्र के साथ कामायनी एक्सप्रेस में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने चलती ट्रेन में युवक का ट्रॉली बैग चोरी कर लिया, जिसमें लैपटॉप, जरूरी दस्तावेज और नकदी रखी हुई थी।
दमौह के पास हुई वारदात
पीड़ित की पहचान 24 वर्षीय शिवम कनौजिया, निवासी भदोही (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। शिवम गाड़ी संख्या 11071 कामायनी एक्सप्रेस के कोच एस-9, बर्थ नंबर 31 पर सफर कर रहा था। दमौह के पास अज्ञात बदमाशों ने मौका पाकर उसका ट्रॉली बैग पार कर दिया।
लैपटॉप और मूल मार्कशीट भी चोरी
चोरी गए ट्रॉली बैग में एक लैपटॉप, कक्षा दसवीं की मूल मार्कशीट, करीब 4 हजार रुपये नकद, कपड़े और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। चोरी का पता चलते ही पीड़ित ने सहयात्रियों की मदद से तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था छात्र
पीड़ित शिवम कनौजिया पुणे में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है और बीएसएफ व रेलवे ग्रुप-डी की परीक्षा देने के लिए घर जा रहा था। ट्रेन के कटनी स्टेशन पहुंचने पर उसने जीआरपी थाने में एफआईआर दर्ज कराई।
जांच में जुटी जीआरपी
रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जीआरपी का कहना है कि ट्रेन के सीसीटीवी फुटेज और यात्रियों से पूछताछ के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *