शेर चौक में मामूली विवाद पर चाकूबाजी, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार, गाड़ी लहराकर चलाने से मना करने पर किया हमला, बटनदार चाकू बरामद
कटनी। शहर के शेर चौक में सड़क पर लापरवाही से स्कूटी चलाने से मना करना एक युवक को भारी पड़ गया। इस बात से नाराज दो युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में संतोष साहू (28) घायल हो गया। मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर एक आरोपी अमन वर्मा (19) को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू भी बरामद किया गया है, जबकि दूसरा आरोपी अंश समुन्द्रे फरार है।
स्कूटी सवार युवकों से हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना 11 अक्टूबर 2026 की है। कुशवाहा नगर निवासी संतोष साहू साइकिल से अपने घर जा रहा था। शेर चौक स्थित मनीष मेडिकल स्टोर से दवा लेने के बाद जब वह सनमुख दास दवाखाना के पास पहुंचा, तभी स्कूटी सवार दो युवक लापरवाहीपूर्वक वाहन लहराते हुए उसकी साइकिल के सामने से निकले। संतोष ने उन्हें सावधानी से गाड़ी चलाने की समझाइश दी। इसी बात पर दोनों युवक भड़क गए और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे।
गर्दन पर वार करने का प्रयास, पीठ पर भी मारा चाकू
विवाद बढ़ने पर आरोपियों अमन वर्मा और अंश समुन्द्रे ने कथित तौर पर चाकू निकालकर संतोष को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि अमन ने संतोष की गर्दन पर चाकू से वार करने का प्रयास किया, लेकिन उसके हट जाने से चाकू कंधे और गर्दन के बीच लगा। इसके बाद उसकी पीठ पर भी चाकू से वार किया गया। आसपास मौजूद लोगों के बीच-बचाव करने पर दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। घायल संतोष को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय कटनी ले जाया गया।
घटना के चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार
अस्पताल से सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने घायल से पूछताछ की और उसकी रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 1063/26 के तहत बीएनएस की धारा 263(बी), 109(1) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुछ ही घंटों में शिवनगर निवासी अमन वर्मा (19), पिता मुकेश वर्मा, को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वारदात में प्रयुक्त बटनदार चाकू बरामद किया गया है।
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
मामले में नदीपार निवासी अंश समुन्द्रे घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, सहायक उपनिरीक्षक प्रहलाद पैकरा सहित आरक्षक मंसूर हुसैन, अजीत सिंह, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन, दीपक तिवारी एवं रोहित राठौर शामिल रहे।