गरीब और निराश्रितों की सेवा में आगे आई श्री सत्य साईं सेवा समिति, लावारिस भवन में रह रहे तीन लोगों को दी नई जिंदगी की उम्मीद

गरीब और निराश्रितों की सेवा में आगे आई श्री सत्य साईं सेवा समिति, लावारिस भवन में रह रहे तीन लोगों को दी नई जिंदगी की उम्मीद

कटनी। भगवान श्री सत्य साईं बाबा के मूल मंत्र “मानव सेवा ही माधव सेवा” को चरितार्थ करते हुए श्री सत्य साईं सेवा समिति, नई कटनी ने सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। समिति ने गरीब, असहाय और निराश्रित लोगों की मदद कर समाज के सामने मानवता की मिसाल कायम की।
रविवार, 12 जुलाई 2026 को समिति के सक्रिय सदस्यों ने स्टेट बैंक नई कटनी के समीप स्थित ट्रेड यूनियन के परित्यक्त भवन में रह रहे तीन निराश्रित व्यक्तियों—मुललू, रवि और एक अन्य व्यक्ति—की सहायता की। समिति द्वारा उन्हें नए पलंग, गद्दे, बिस्तर, चादर, कंबल तथा पहनने के लिए नए वस्त्र उपलब्ध कराए गए। बारिश के कारण भवन की दीवारें, फर्श और वहां रखा सामान पूरी तरह गीला व जर्जर हो चुका था। ऐसे में समिति के सदस्यों ने पूरे कमरे की साफ-सफाई की, जाले हटाए, चूने का छिड़काव कराया और कमरे को रहने योग्य बनाया, जिससे जरूरतमंदों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके।
इस सेवा कार्य में समिति के सेवा दल के सदस्यों के साथ अन्य समाजसेवियों ने भी सक्रिय सहयोग दिया। श्री सत्य साईं सेवा समिति ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी जरूरतमंदों की सेवा का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। समिति की यह पहल समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है और यह संदेश दे रही है कि सच्ची सेवा ही ईश्वर की सबसे बड़ी पूजा है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post