रक्षाबंधन एवं सावन पर्व पर कटनी प्रधान डाकघर की विशेष पहल, स्पेशल राखी काउंटर एवं गंगोत्री का पवित्र गंगाजल उपलब्ध
कटनी। भाई-बहन के अटूट प्रेम के पर्व रक्षाबंधन एवं पवित्र सावन माह के अवसर पर कटनी प्रधान डाकघर, जबलपुर संभाग द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए विशेष सेवाएं प्रारंभ की गई हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर देश एवं विदेश में रहने वाले भाई-बहनों तक राखी समय पर एवं सुरक्षित पहुँचाने के लिए प्रधान डाकघर में स्पेशल राखी काउंटर स्थापित किया जाएगा। यहाँ ग्राहकों को राखी की बुकिंग, पैकिंग एवं डाक संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा।
विदेशों में रहने वाले अपने परिजनों को राखी भेजने के इच्छुक ग्राहकों के लिए निःशुल्क पिकअप सुविधा (Free Pickup Facility) भी उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए व्हाट्सएप्प नंबर 7587598077 पर अपना नाम, पता मैसेज करना है । इसके अंतर्गत निर्धारित शर्तों के अनुसार डाक विभाग द्वारा ग्राहक के घर अथवा कार्यालय से ही राखी एवं पार्सल का संग्रहण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कम लागत एवं ट्रैकिंग सुविधा के साथ इंटरनेशनल ट्रैक्ड पैकेट सर्विस (ITPS) के माध्यम से अनेक देशों में राखी भेजने की सुविधा भी उपलब्ध है। ITPS सेवा ट्रैकिंग के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पार्सल भेजने का एक किफायती विकल्प है।
सावन माह में श्रद्धालुओं के लिए कटनी प्रधान डाकघर में गंगोत्री धाम का पवित्र गंगाजल भी उपलब्ध है। भक्तजन डाकघर से गंगाजल प्राप्त कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सकते हैं। कटनी प्रधान डाकघर ने नागरिकों से अपील की है कि रक्षाबंधन के दौरान अंतिम समय की भीड़ से बचने एवं समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए अपनी राखी एवं उपहार शीघ्र बुक कराएं तथा डाक विभाग की विश्वसनीय सेवाओं का लाभ उठाएं।








