उमरिया पान और स्लीमनाबाद थाने का निरीक्षण करने पहुंचे एसपी, कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ अपराध नियंत्रण पर फोकस
कटनी। कटनी पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बुधवार को थाना उमरियापान एवं थाना स्लीमनाबाद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थानों की व्यवस्थाओं, अपराध नियंत्रण एवं जनसुनवाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने हवालात, मालखाना, सीसीटीएनएस कक्ष, अपराध रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की बारीकी से जांच की। उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण एवं मामलों की समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। पुलिस अधीक्षक ने थाना स्तर पर संचालित जनसुनवाई व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्देशित किया कि थाना आने वाले फरियादियों की शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा उनके निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान रात्रि गश्त व्यवस्था, डायल-112 के रिस्पॉन्स टाइम तथा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सक्रिय अपराधियों पर लगातार निगरानी रखने, रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अपराध नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा थानों में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य, साफ-सफाई, महिला हेल्प डेस्क एवं महिला-बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों की समीक्षा भी की गई। उन्होंने महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया। पुलिस अधीक्षक ने थाना स्टाफ से कहा कि आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखें तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रखें।








