एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने किया बहोरीबंद और बाकल थाने का औचक निरीक्षण, पुलिसिंग सुधार पर दिया जोर
कटनी। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने गुरुवार को थाना बहोरीबंद एवं थाना बाकल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, अभिलेख, मालखाना, हवालात, सीसीटीएनएस कार्य प्रणाली, शस्त्रागार सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि थाना क्षेत्र में घटित अपराधों के निराकरण में तेजी लाई जाए और लंबित मामलों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निपटाया जाए। गंभीर अपराधों पर विशेष फोकस रखते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश उन्होंने दिए।
बढ़ाएं गश्त और निगरानी
पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा आमजन में सुरक्षा का माहौल बनाए रखने पर जोर दिया। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
नवनिर्मित थाना बाकल भवन का भी किया निरीक्षण
एसपी ने थाना बाकल के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण करते हुए पुरुष एवं महिला बंदीगृह की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने थाना स्टाफ से अलग-अलग चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
सड़क सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर सख्ती
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए बैरिकेडिंग और पर्याप्त लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अवैध शराब के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने तथा गुंडा-निगरानी बदमाशों की नियमित चेकिंग कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश थाना प्रभारियों को दिए गए।
अनुशासन और बेहतर पुलिसिंग पर जोर
एसपी ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, व्यवहार और कार्यकुशलता में सुधार लाने की हिदायत देते हुए कहा कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें, जिससे जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और सहयोग और मजबूत हो सके। एसपी के इस औचक निरीक्षण से स्पष्ट है कि कटनी पुलिस अपराध नियंत्रण, बेहतर व्यवस्था और जनविश्वास बढ़ाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है।








