वेंकट लाइब्रेरी में अब पाठकों के लिए उपलब्ध होगी सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव, दिव्यांशु मिश्रा-अंशु ने कांग्रेसजनों के साथ लाइब्रेरी पहुंचकर प्रबंधन को भेंट की पुस्तक

कटनी। शहर के हृदयस्थल स्थित वेंकट लाइब्रेरी में अब पाठक कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी की चर्चित पुस्तक ‘बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ पढ़ सकेंगे। कांग्रेस नेता दिव्यांशु मिश्रा-अंशु ने कांग्रेसजनों के साथ लाइब्रेरी पहुंचकर प्रबंधन को यह पुस्तक भेंट की। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों, युवाओं और पुस्तक प्रेमियों को सोनिया गांधी के व्यक्तिगत जीवन, संघर्ष, राजनीतिक सफर और देश के प्रति उनके योगदान से परिचित कराना है। पुस्तक भेंट करने के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए दिव्यांशु मिश्रा-अंशु ने कहा कि सोनिया गांधी का जीवन महज एक राजनीतिक व्यक्तित्व की कहानी नहीं है, बल्कि प्रेम, त्याग, धैर्य, संघर्ष और सार्वजनिक जीवन के प्रति समर्पण की एक लंबी यात्रा है। यह पुस्तक उनके जीवन के उन पहलुओं को सामने लाती है, जिनसे आम पाठक भी प्रेरणा ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पुस्तक में वर्ष 1965 में कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से पहली मुलाकात, प्रेम और वर्ष 1968 में विवाह के बाद भारत को अपना घर बनाने तक के आत्मीय अनुभवों का उल्लेख है। इसके साथ ही संजय गांधी के निधन, तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या और 21 मई 1991 को राजीव गांधी की शहादत जैसी जीवन को झकझोर देने वाली घटनाओं तथा उन कठिन परिस्थितियों से उबरने के व्यक्तिगत अनुभवों को भी साझा किया गया है। अंशु ने कहा कि राजीव गांधी की शहादत के बाद सोनिया गांधी ने लंबे समय तक सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी, लेकिन वर्ष 1998 में कांग्रेस की जिम्मेदारी संभालकर पार्टी को नई दिशा देने का प्रयास किया। पुस्तक में वर्ष 1999 के राजनीतिक घटनाक्रम, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह की राजनीतिक सलाह और दिग्विजय सिंह जैसे वरिष्ठ नेताओं की भूमिका का भी उल्लेख है। ये प्रसंग उस दौर की कांग्रेस की राजनीतिक परिस्थितियों को समझने के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2004 में कांग्रेस के नेतृत्व में केंद्र में सरकार का गठन और प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने का सोनिया गांधी का निर्णय भारतीय राजनीति की उल्लेखनीय घटनाओं में शामिल है। उनके नेतृत्व में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) ने लगातार दो बार केंद्र में सरकार बनाई। पुस्तक में डॉ. मनमोहन सिंह के साथ कार्यकाल, पार्टी और सरकार के बीच समन्वय, राजनीतिक चुनौतियों तथा सार्वजनिक जीवन के अनुभवों को भी स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुस्तक में 2024 के लोकसभा चुनाव, INDIA गठबंधन, संविधान एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा, सामाजिक सद्भाव और भारत की विविधतापूर्ण संस्कृति को लेकर सोनिया गांधी के विचार भी पाठकों के लिए महत्वपूर्ण हैं। यह पुस्तक केवल व्यक्तिगत संस्मरण नहीं, बल्कि देश के राजनीतिक और लोकतांत्रिक सफर को समझने का भी एक माध्यम है।
दिव्यांशु मिश्रा-अंशु ने कहा कि पुस्तकालय केवल किताबें रखने का स्थान नहीं होते, बल्कि वे ज्ञान, विचार और वैचारिक संवाद के महत्वपूर्ण केंद्र होते हैं। वेंकट लाइब्रेरी में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा और पुस्तक प्रेमी अध्ययन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में इस पुस्तक को लाइब्रेरी में उपलब्ध कराने का उद्देश्य है कि आम नागरिक भी इसे पढ़ें और एक वरिष्ठ राजनीतिक व्यक्तित्व के जीवन अनुभवों के माध्यम से देश के इतिहास, लोकतंत्र और सामाजिक विविधता को समझ सकें। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण पुस्तकों और विचारों तक आम नागरिकों की पहुंच आसान बनाना तथा नई पीढ़ी को साहित्य, इतिहास और समकालीन राजनीतिक विमर्श से जोड़ना समय की आवश्यकता है। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुस्तकालय में ऐसी महत्वपूर्ण पुस्तकों की उपलब्धता से विद्यार्थियों और युवाओं को पढ़ने के साथ-साथ देश के राजनीतिक इतिहास को समझने का अवसर मिलेगा।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आनंद पटेल, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अजय खटिक, युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सौम्या रंधेलिया, आदित्य कटारे, सोशल मीडिया प्रदेश उपाध्यक्ष शशांक गुप्ता, राहुल पटेरिया, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष सचिन गर्ग, आईटी जिला अध्यक्ष सुरेंद्र राणा, श्याम पहुजा, चोखे भाईजान, सूर्यकांत कुशवाहा, अभिषेक प्यासी, मीनाक्षी बलवी, श्याम यादव, रमेश अहिरवार, अनुराग दाहिया, रश्मि अग्रवाल, इकलाख अहमद, प्रिंस वंशकार, अभिषेक गुप्ता, सत्यम द्विवेदी, अनुराग पटेल, राजन साहू, मनीषा सिंह, अमित पटेल, अभिषेक परिहार, रवि जायसवाल एवं देवाश बाजपेयी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *