नशा मुक्ति का संकल्प लेकर हुई मैराथन दौड़, स्लीमनाबाद पुलिस ने किया आयोजन, युवाओं ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

कटनी। प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत बुधवार को थाना स्लीमनाबाद पुलिस ने युवाओं में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नगर में मैराथन दौड़ का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया।
यह आयोजन पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। मैराथन में विलियम हैनरी इंग्लिश मीडियम स्कूल, आदर्श इंग्लिश मीडियम स्कूल और सीएम राइज स्कूल, स्लीमनाबाद के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
दौड़ के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने तथा समाज में जनजागरूकता फैलाने का संकल्प भी दिलाया। कार्यक्रम में नगर के प्रतिष्ठित नागरिक, शिक्षक, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर नशा मुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *