रीवा की घटना के विरोध में जैन समाज का मौन जुलूस, कोतवाली के बाहर दिया धरना

कटनी। कटनी में रीवा में दो माता जी के साथ हुई घटना को लेकर जैन समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला। विरोध स्वरूप रविवार को जैन समाज ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और शाम के समय शहर में विशाल मौन जुलूस निकाला। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कोतवाली थाना पहुंचा, जहां समाज के लोगों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मौन जुलूस में जैन समाज के पुरुषों, महिलाओं और युवाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। समाजजन हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर शांतिपूर्वक अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़े। प्रदर्शनकारियों ने घटना के दोषियों पर सख्त कार्रवाई और जैन संत समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
कोतवाली थाना परिसर के बाहर धरने पर बैठे समाज के लोगों ने प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे अपनी बात सीधे कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखना चाहते हैं। सूचना मिलने पर नगर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और समाजजनों से चर्चा कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन समाज के लोग कलेक्टर और एसपी से मुलाकात की मांग पर अड़े रहे। धरना स्थल पर मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, कांग्रेस शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने समाजजनों की मांगों का समर्थन करते हुए प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और पूरे कार्यक्रम के दौरान स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही। जैन समाज के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *