कार्तिक पूर्णिमा से श्री बजरंग कटाये घाट मेले का होगा भव्य शुभारंभ, महापौर की अध्यक्षता में बनी मेला आयोजन की रूपरेखा, पढ़े क्या रहेगा खास

कटनी। नगर की सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपरा को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले श्री बजरंग कटाये घाट मेले का आयोजन इस वर्ष भी कार्तिक पूर्णिमा से किया जाएगा। आगामी 24 नवंबर को मधई मंदिर से परंपरानुसार जुलूस निकालकर मेले का शुभारंभ होगा।इस वर्ष मेले को आकर्षक, व्यवस्थित एवं भव्य स्वरूप देने के लिए मंगलवार को महापौर प्रीति संजीव सूरी की अध्यक्षता में मेला आयोजन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मेले की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मेले को केवल मनोरंजन का माध्यम न बनाकर बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों के लिए सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आकर्षक मंच बनाया जाएगा। इसके लिए आयोजन के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं, विज्ञान प्रदर्शनी, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता, सुंदरकांड, श्रीकृष्ण रासलीला सहित दीपावली नृत्य, लेजर लाइट एवं अन्य मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मेले में आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाए जाने हेतु भी चर्चा की गई, जिससे युवा एवं बच्चे विशेष रूप से आकर्षित हो सकें।
व्यवस्थाओं को लेकर महापौर ने दिए आवश्यक निर्देश
महापौर श्रीमती सूरी ने अधिकारियों एवं शाला प्राचार्यों से चर्चा करते हुए कहा कि मेले की सफलता के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। मेला परिसर में साफ-सफाई, आकर्षक सजावट, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, प्राथमिक उपचार, एम्बुलेंस, मोबाइल टॉयलेट तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही विद्यार्थियों के आने-जाने, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ सभी तैयारियां पूर्व से पूर्ण करने पर जोर दिया।
जनप्रतिनिधियों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव
बैठक में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रामचंद्र तिवारी ने मेला परिसर में आकर्षक सजावट एवं प्रकाश व्यवस्था के साथ बच्चों की शैक्षणिक अभिरुचि बढ़ाने वाले कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया। वहीं श्री चमनलाल आनंद ने ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों के मनोरंजन के लिए विशेष गतिविधियां शामिल करने की बात कही। इसके अतिरिक्त मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे एवं कंट्रोल रूम की स्थापना, सुगम आवागमन, दुकानों का सुव्यवस्थित ले-आउट, खेल प्रतियोगिताओं के लिए उपयुक्त मैदान तथा विद्यार्थियों के लिए भोजन-पानी की व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी सुझाव प्राप्त हुए।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
मेले को अधिक आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी कार्यक्रमों का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल तैयार करने, बच्चों, महिलाओं एवं युवाओं की रुचि के अनुरूप गतिविधियां निर्धारित करने तथा दुकानों को निर्धारित ले-आउट के अनुसार व्यवस्थित रूप से लगाने पर चर्चा की गई। सुरक्षा की दृष्टि से कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरे एवं आवश्यक निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ प्राथमिक चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाओं को भी सक्रिय रखने की बात कही गई। महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि पिछले वर्ष मेले के आयोजन के दौरान सामने आई समस्याओं एवं इस बैठक में प्राप्त सुझावों को ध्यान में रखते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि इस वर्ष का श्री बजरंग कटाये घाट मेला अधिक भव्य, आकर्षक, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप में आयोजित हो सके।
बैठक में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, उमेद्र अहिरवार, जयनारायण निषाद, तुलसा गुलाब बेन, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रामचंद्र तिवारी, चमनलाल आनंद, उपायुक्त शैलेश गुप्ता एवं प्रियंका झारिया, पार्षद शशिकांत तिवारी, सचिन बहरे, गोविंद चावला, सीमा श्रीवास्तव, सुनीता चौधरी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, अनुराग त्रिसोलिया, अम्बरीष वर्मा, समाजसेवी अजय सरावगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त प्रभारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा एवं अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, पूर्व प्राचार्य राजेंद्र कौर लांबा, प्रभारी सहायक यंत्री आदेश जैन, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी निशांत कनौजिया, प्रभारी कार्यालय अधीक्षक नागेंद्र पटेल, साधुराम उच्चतर माध्यमिक शाला, केसीएस एवं ए.रविंद्र राय शाला के प्राचार्य, शिक्षक तथा निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *