हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी शनि जैन गिरफ्तार, कपड़ा बाजार में पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, साथी के साथ मिलकर चाकू से किया था जानलेवा हमला

कटनी। हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी शनि जैन उर्फ विशाल को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर कपड़ा बाजार में घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। मामले में उसका साथी गोलू ठाकुर उर्फ दीपक ठाकुर पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, 13 मई 2026 की रात मनीष सिंह ठाकुर उर्फ चीनी निवासी लखेरा अपने दोस्त से मिलने गर्ग चौराहा गया था। इसी दौरान गोलू ठाकुर अपने एक साथी के साथ सुरीली बार, गर्ग चौराहा के पास पहुंचा। दोनों आरोपियों ने मनीष के साथ विवाद करते हुए जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। हमले में गोलू ठाकुर ने मनीष के सिर पर चाकू से वार किया, जबकि उसके साथी ने सीने और बाएं पैर की जांघ पर चाकू से हमला किया। दोस्तों के बीच-बचाव करने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल मनीष को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल कटनी ले जाया गया, जहां से सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली। घायल की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 471/2026, धारा 109(1), 296(बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में सामने आया शनि जैन का नाम
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी गोलू ठाकुर उर्फ दीपक ठाकुर को 7 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया था। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में गोलू ठाकुर ने शनि जैन के साथ मिलकर मनीष पर चाकू से हमला करना स्वीकार किया। इसके बाद शनि जैन को भी मामले में नामजद आरोपी बनाया गया। इसके बाद से पुलिस शनि जैन की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस को उसके दिल्ली में छिपे होने की जानकारी भी मिली थी, जिसके आधार पर उसकी तलाश जारी थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि शनि जैन दिल्ली से वापस कटनी आ गया है और कपड़ा बाजार में घूम रहा है।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम ने कपड़ा बाजार में घेराबंदी कर आरोपी शनि जैन उर्फ विशाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसके मेमोरेण्डम के आधार पर घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि गोलू ठाकुर उर्फ दीपक ठाकुर और शनि जैन ने मनीष सिंह ठाकुर उर्फ चीनी पर चाकू से जानलेवा हमला किया था। एक आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि दूसरे फरार आरोपी शनि जैन को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, सउनि. रामेश्वर प्रसाद पटेल, आरक्षक अमित सिंह एवं उपेन्द्र सिंह की टीम द्वारा की गई।