माधवनगर थाने के पुलिसकर्मी पर लगे गंभीर आरोप, फरियादी ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, जबरन बंद कराई सीएम हेल्पलाइन, पुराने अतिक्रमण विवाद से जोड़कर जताई प्रताड़ना की आशंका

कटनी। जिले के माधव नगर थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर एक नया मामला सामने आया है। माधव नगर निवासी रवि उर्फ भीम नागवानी ने पुलिस अधीक्षक कटनी को लिखित शिकायत सौंपकर थाने में पदस्थ आरक्षक शोभनाथ शर्मा (बैच क्रमांक 111) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की है।
शिकायत में रवि नागवानी ने बताया कि उन्होंने 15 अक्टूबर 2026 को माधव नगर थाने में अनावेदक चंदू माखीजा के खिलाफ गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि पुलिस ने इस शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने 26 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक के समक्ष भी लिखित शिकायत प्रस्तुत की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद आरक्षक शोभनाथ शर्मा द्वारा सीएम हेल्पलाइन शिकायत क्रमांक 41280581 में उनके विरुद्ध कथित रूप से झूठा, एकतरफा और निराधार प्रतिवेदन दर्ज कर दिया गया। उनका कहना है कि उन्होंने न तो किसी से पैसों की मांग की और न ही किसी प्रकार का समझौता किया है। यदि उन पर पैसे मांगने का आरोप लगाया जा रहा है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर साक्ष्य सामने लाए जाएं।
पुराने अतिक्रमण विवाद से जोड़कर जताई आशंका
आवेदन में शिकायतकर्ता ने एक पुराने विवाद का भी उल्लेख किया है। उनके अनुसार, 24 सितंबर 2025 को चंदू माखीजा के भाई की दुकान के सामने नाली के ऊपर किए गए कथित अतिक्रमण को लेकर शिकायत की थी। इसके बाद 30 सितंबर 2025 को कलेक्टर की जनसुनवाई में भी आवेदन दिया था। शिकायतकर्ता का दावा है कि नगर निगम के अधिकारियों ने जांच कर अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की थी। अब उन्हें आशंका है कि इसी पुरानी शिकायत के चलते उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
सीएम हेल्पलाइन शिकायत बंद कराने में दबाव का आरोप
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि 15 अक्टूबर 2026 को दर्ज सीएम हेल्पलाइन शिकायत क्रमांक 41106052 को बंद कराने के लिए दबाव, धमकी अथवा अनुचित हस्तक्षेप किया गया। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि उन्हें थाने बुलाकर शिकायत बंद कराई गई और बाद में उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की भी जांच कराने की मांग की है।
आठ बिंदुओं में रखी जांच और कार्रवाई की मांग
रवि नागवानी ने पुलिस अधीक्षक से आरक्षक शोभनाथ शर्मा के विरुद्ध वरिष्ठ एवं निष्पक्ष अधिकारी से जांच कराने, सीएम हेल्पलाइन शिकायत क्रमांक 41280581 में दर्ज प्रतिवेदन की सत्यता परखने, पुरानी शिकायत बंद कराने में किसी प्रकार के दबाव की जांच करने तथा चंदू मारविजा के विरुद्ध दी गई शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की है।
इसके अलावा संबंधित दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों की जांच कराने की मांग भी आवेदन में की गई है। शिकायतकर्ता ने यह भी कहा है कि जांच माधव नगर थाने के स्थानीय स्टाफ से न कराकर किसी अन्य वरिष्ठ अधिकारी से कराई जाए, ताकि निष्पक्षता बनी रहे। फिलहाल यह मामला शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों और पुलिस अधीक्षक से की गई जांच की मांग से जुड़ा है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस शिकायत पर क्या रुख अपनाता है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *