कटनी में चोरी की दो वारदातों से सनसनी, अशोक कालोनी में दवा कारोबारी के सूने घर से लाखों का माल पार, बड़गांव में जैन मंदिर भी बना निशाना
कटनी। जिले में चोरी की दो अलग-अलग वारदातों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खिरहनी चौकी से कुछ ही दूरी पर स्थित अशोक कॉलोनी में चोरों ने दवा व्यवसायी के सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नगदी, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। वहीं, रीठी थाना क्षेत्र के ग्राम बड़गांव स्थित तारणतरण जैन चैत्यालय मंदिर में भी चोरों ने धावा बोलकर अष्टधातु के छत्र, पीतल की आरती और साउंड सिस्टम समेत करीब 90 हजार रुपये का सामान पार कर दिया।
पुणे गया था परिवार, पीछे से घर में चोरी
अशोक कॉलोनी निवासी दवा व्यवसायी पंकज शर्मा अपने बेटे के कॉलेज एडमिशन के सिलसिले में पत्नी और बेटे के साथ पुणे गए हुए थे। घर पर ताला लगा होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने रात में मुख्य द्वार का ताला तोड़ दिया और मकान के अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने अलमारियों और तिजोरियों के ताले भी तोड़कर नगदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
घटना का पता उस समय चला, जब पंकज शर्मा ने पुणे से सुबह घर में काम करने वाली युवती को पौधों में पानी डालने के लिए फोन किया। युवती जब मकान पर पहुंची तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं। उसने तत्काल पंकज शर्मा को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। परिवार के लौटने के बाद चोरी गए सामान का वास्तविक आकलन और मामले में औपचारिक रिपोर्ट दर्ज होने की बात कही जा रही है।
बड़गांव जैन मंदिर में भी चोरों का धावा
दूसरी वारदात रीठी थाना क्षेत्र के ग्राम बड़गांव स्थित तारणतरण जैन चैत्यालय मंदिर में हुई। पुलिस के अनुसार चोरी 14 सितंबर की रात करीब 10 बजे से 15 सितंबर की सुबह 5 बजे के बीच हुई। अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दान-पूजा से संबंधित कीमती सामान चोरी कर लिया।
शिकायत के मुताबिक चोर दो अष्टधातु के छत्र, पांच पीतल की आरती, एक साउंड सिस्टम व मिक्सर मशीन तथा एक स्टेबलाइजर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 90 हजार रुपये आंकी गई है। मंदिर के सेवादार अभय कुमार जैन निवासी बड़गांव की शिकायत पर रीठी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सलैया चौकी प्रभारी विनोद पाण्डेय के अनुसार पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और पुराने संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने चोरों तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी है।