जलप्लावन से निपटने स्वच्छता दूतों ने संभाला मोर्चा, वर्षाजल निकासी के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में की त्वरित कार्रवाई
कटनी। मानसून की पहली बारिश के साथ ही शहर में जलभराव की संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। नागरिकों को जलभराव से राहत दिलाने एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को नगर निगम के स्वच्छता दूतों एवं स्वास्थ्य अमले ने विभिन्न क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर वर्षाजल निकासी की व्यवस्था संभाली तथा जहां भी आवश्यकता महसूस हुई, वहां तत्काल कार्रवाई करते हुए पानी की निर्बाध निकासी सुनिश्चित की गई। नगर निगम द्वारा वर्षाकाल से पूर्व ही नाले-नालियों की व्यापक सफाई का अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी का परिणाम रहा कि पहली बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने सफलता मिल सकी।
स्वच्छता दूतों द्वारा नगर के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों एवं जलभराव संभावित स्थानों का निरीक्षण कर चोक नाले-नालियों की तत्काल सफाई कराई गई तथा जल निकासी मार्गों में अवरोध उत्पन्न करने वाले कचरे, पॉलीथिन एवं मलबे को हटाया गया। जिन स्थानों पर वर्षाजल का जमाव दिखाई दिया, वहां स्वच्छता दूतों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक संसाधनों के माध्यम से तत्काल पानी की निकासी कराई, जिससे नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। बारिश के दौरान भी निगम का स्वास्थ्य अमला लगातार फील्ड में मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए रहा।
नगर निगम प्रशासन द्वारा वर्षाकाल के दौरान जलभराव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्थान पर जलभराव की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे नालियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कचरा अथवा मलबा न डालें तथा शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें। नागरिकों के सहयोग एवं निगम प्रशासन की सतत निगरानी से वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा तथा शहरवासियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम नगरीय सुविधाएं उपलब्ध होती रहेंगी।








