बड़वारा कॉलेज में गूंजा ‘सुरक्षा का संदेश’, छात्रों को सिखाए गए ट्रैफिक नियम
कटनी। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार चल रहे अभियान के तहत शासकीय महाविद्यालय बड़वारा में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधन, थाना प्रभारी के.के. पटेल, स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
हेलमेट नहीं तो वाहन नहीं
थाना प्रभारी के.के. पटेल ने छात्रों को संबोधित करते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय ISI मार्क हेलमेट पहनना अनिवार्य बताया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना हेलमेट वाहन चलाना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि जान के लिए भी खतरा है।
राहगीर योजना से मिलेगा सम्मान
कार्यक्रम में “गुड सेमेरिटन” (राहगीर) योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले व्यक्ति को 5,000 की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। साथ ही, मदद करने वाले व्यक्ति से किसी प्रकार की पुलिस पूछताछ नहीं होती।
गोल्डन आवर में कैशलेस इलाज
छात्रों को “गोल्डन आवर” की अहमियत समझाते हुए बताया गया कि दुर्घटना के पहले एक घंटे में घायल को 1.5 लाख तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाता है, जिससे कई जानें बचाई जा सकती हैं।
छात्र बनें बदलाव के वाहक
महाविद्यालय प्राचार्य ने छात्रों से अपील की कि वे खुद यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए जागरूक करें। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्रों को सुरक्षित ड्राइविंग और जिम्मेदार नागरिक बनने की शपथ दिलाई गई। पुलिस विभाग का उद्देश्य है कि जागरूकता के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।








