सेफ क्लिक 2.0 अभियान, कटनी पुलिस ने शुरू किया व्यापक साइबर जागरूकता अभियान, बैंकों से लेकर सार्वजनिक स्थानों तक लोगों को किया जागरूक
कटनी। साइबर अपराधों पर रोकथाम और आम नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कटनी पुलिस द्वारा पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत जिलेभर में व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जिले के सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस बल ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों के प्रमुख बैंकों, सार्वजनिक स्थलों और शहर के मुख्य चौराहों पर पहुंचकर नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्राहकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के जोखिम, डिजिटल भुगतान में सावधानी, फेक कॉल और अन्य साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही अभियान से जुड़े साइबर जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए।
कटनी पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, स्कूल, कॉलेज, मंदिर, मस्जिद, मॉल सहित अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर साइबर सुरक्षा संबंधी पोस्टर और पंपलेट भी लगाए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग साइबर अपराधों के प्रति जागरूक हो सकें। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज, लिंक या ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। कटनी पुलिस का कहना है कि “सेफ क्लिक 2.0” अभियान का उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल वातावरण का निर्माण करना है और यह अभियान जिलेभर में लगातार जारी रहेगा।








