अंधकार में जीवन जी रहे ग्रामीण, नल जल योजना बंद, पैदा हुआ पेयजल संकट, ग्राम पंचायत घंघरी कलॉ में तीन दिन से नहीं है बिजली

कटनी। कटनी जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत घंघरी कलॉ में विगत तीन दिन से बिजली नहीं है। ग्रामीणों के मुताबिक विद्युत मंडल के संबंधित अधिकारी ने ट्रांसफार्मर से बिजली कनेक्शन ही काट दिया है। जिसके कारण क्षेत्र के ग्रामीण अंधकार का जीवन व्यतीत कर रहे हैं। वहीं नल कूप बंद होने से ग्रामीणों व मवेशियों को पेय जल का भी संकट पैदा हो गया है। ग्रामीण दूर दराज स्थित पुराने कुआं, बावली से पानी भर कर स्वयं व मूक प्राणियों की प्यास बुझा रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बिजली विभाग के अधिकारियों ने बिना पूर्व सूचना दिए ट्रांसफार्मर से विद्युत कनेक्शन विच्छेद कर दिया, जिससे ग्रामीणों को अंधेरे के साथ साथ पेयजल संकट से भी जूझना पड़ रहा है। ग्रामवासी जमुना पटेल, भागवान दास पटेल, सुज्जी यादव, लालू गड़ारी, बैगा पटेल, अशोक पटेल, भोलाराम पटेल, बीसीराम आदिवासी, बहादुर वंशकार, डाडी बैगा, अशोक पटेल, भोलापटेल, प्रदीप पटेल, मुकेश पटेल, बंटे पटेल आदि ने संबंधित विभाग से विद्युत सप्लाई बहाल करने की मांग की है।