रणभेरी’ की समीक्षा एवं काव्य गोष्ठी संपन्न, साहित्यकारों ने किया राष्ट्रभक्ति का स्मरण

कटनी। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर इंटैक (भारतीय कला एवं सांस्कृतिक निधि) कटनी चेप्टर द्वारा शिकागो पब्लिक स्कूल स्थित अमर शहीद हेमू कालानी स्मृति वाचनालय में राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत काव्य कृति ‘रणभेरी’ की समीक्षा एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार राधेश्याम ब्रजपुरिया ने की। मुख्य अतिथि विभवराम त्रिपाठी तथा विशिष्ट अतिथि रामाधार गौतम रहे। वक्ताओं ने कहा कि देश के कवियों एवं शिक्षकों ने सदैव समाज को चेतना और दिशा प्रदान की है। वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध के कठिन दौर में कटनी के कवियों और शिक्षकों ने अपनी ओजस्वी देशभक्ति कविताओं के माध्यम से राष्ट्रीय चेतना का संचार किया तथा जनसहयोग से वर्ष 1963 में 38 कवियों के काव्य संकलन ‘रणभेरी’ का प्रकाशन कराया, जो आज एक महत्वपूर्ण साहित्यिक धरोहर है। वक्ताओं ने बताया कि इस दुर्लभ एवं लंबे समय से अनुपलब्ध काव्य कृति का पुनर्प्रकाशन गत वर्ष इंटैक कटनी चेप्टर द्वारा कराया गया, जिससे नगर की साहित्यिक विरासत को संरक्षित करने का सराहनीय कार्य हुआ है। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, क्रांतिकारियों तथा राष्ट्रचेतना के संवाहक कवियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
कार्यक्रम में ‘रणभेरी’ के पुनर्प्रकाशन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले समाजसेवी एवं कटनी टेंट लाइट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सरावगी का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। उनकी अनुपस्थिति में सम्मान भारती नागवानी एवं मुस्कान नागवानी ने ग्रहण किया। साथ ही, रणभेरी कृति से जुड़े कवियों के परिजनों मनोज सोनी, पी.एस. बैरागी एवं रानी निगम की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। अमर शहीद हेमू कालानी स्मृति वाचनालय की ओर से अध्यक्ष एवं अतिथियों का भी शाल-श्रीफल से सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र सिंह ठाकुर ने किया तथा आभार प्रदर्शन विद्यालय के प्राचार्य आर.एल. निगम ने व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *