राजस्व अधिकारी श्री पाठक ने की कर वसूली की समीक्षा, वसूली अमले को दिया फरमान करदाताओं से रोजाना करें संपर्क, बकाया कर जमा कराने करें प्रभावी कार्रवाई

कटनी। नगर निगम द्वारा चालू वित्तीय वर्ष के निर्धारित राजस्व वसूली लक्ष्यों की समय-सीमा में प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए वसूली अभियान को गति प्रदान करने हेतु निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक द्वारा बुधवार शाम राजस्व वसूली की वार्डवार समीक्षा बैठक आयोजित कर वसूली की प्रगति का जायजा लिया गया। बैठक में कम वसूली वाले वार्डों पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए संबंधित वसूली कर्ताओं को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सक्रियता से कार्य करने तथा लंबित राजस्व की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान वार्डवार निर्धारित लक्ष्य एवं अब तक प्राप्त वसूली की स्थिति का आकलन किया गया। जिन वार्डों में वसूली की प्रगति अपेक्षाकृत कम अथवा नगण्य पाई गई, वहां के संबंधित वसूली कर्ताओं को कार्यप्रणाली में सुधार लाने की हिदायत देते हुए प्रतिदिन मैदानी स्तर पर सक्रिय रहकर बकायेदारों से संपर्क करने के निर्देश दिए गए। शेष वसूली के लिए दैनिक एवं साप्ताहिक लक्ष्य के अनुरूप जिम्मेदारियां तय की जाकर नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में राजस्व अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निगमायुक्त के निर्देशानुसार राजस्व संग्रहण को प्राथमिकता देते हुए वसूली अमले के सभी कर्मचारियों को राजस्व संग्रहण कार्य में सक्रियता से दायित्वों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजार शाखा, जल प्रदाय विभाग, ट्रेड लाइसेंस एवं भवन अनुज्ञा शाखा सहित अन्य विभागों से संबंधित लंबित राजस्व की वार्डवार समीक्षा कर नियमित विभागीय कार्यों के साथ वसूली कार्य को भी गति देने के निर्देश दिए गए।
बड़े बकायादारों से करें व्यक्तिगत संपर्क, किराया वसूली पर विशेष जोर
राजस्व अधिकारी श्री पाठक नें शेष बचे पांच माहों को दृष्टिगत रखते हुए नगर के बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर उनसे व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करने, लंबित कर एवं अन्य देय राशि जमा कराने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए गए। ऐसे में प्रत्येक वार्ड को सौंपे गए लक्ष्य की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा वसूली में अपेक्षित प्रगति नहीं लाने वाले अधिकारियों -कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। निगम स्वामित्व की दुकानों एवं अन्य संपत्तियों का किराया बकाया होने पर संबंधितों को राशि जमा करने के लिए निर्देशित करने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। राजस्व अधिकारी श्री पाठक ने बाजार शाखा एवं ट्रेड लाइसेंस की लंबित वसूली की समीक्षा करते हुए राजस्व संग्रहण में तेजी लाकर निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए सभी संबंधित अधिकारी -कर्मचारी को गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। बैठक में सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक, समस्त राजस्व निरीक्षक, राजस्व उप निरीक्षक, सहायक राजस्व निरीक्षक सहित जल प्रदाय, बाजार एवं ट्रेड लाइसेंस शाखा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *