लोक अदालत में नगर निगम के राजस्व विभाग ने की रिकॉर्ड वसूली, कड़कड़ाती ठंड में आधी रात तक तैनात रहा राजस्व अमला, सवा करोड़ से भी अधिक का आंकड़ा पार

कटनी। देर रात काम खत्म करके लगभग 11:45 बजे जब हम सुभाष चौक से गुजर रहे थे तो वहां पर चौराहे में नजारा कुछ अलग ही था। कड़कड़ाती ठंड के बीच पूरी गर्म जोशी से नगर निगम का राजस्व अमला करदाताओं को लोक अदालत के माध्यम से छूट का लाभ दिलाने पूरी तन्मयता से जुटा हुआ था। राजस्व विभाग की टीम के हर कदम पर साथ निभाने वाले राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक भी टीम का हौसला बढ़ाते हुए करदाताओं को प्रोत्साहित कर रहे थे। जब हमने पास जाकर वसूली गई राशि के विषय में जानकारी ली तो अब तक की गई वसूली जानकर हमारे भी होश उड़ गए। निश्चित ही एक दिन के अंदर सवा करोड़ से भी अधिक संपत्ति कर वसूल पाना और इतने अधिक करदाताओं को लोक अदालत का लाभ दिला पाना किसी चुनौती से कम नहीं था। राजस्व विभाग की टीम ने आज जिस समर्पण और तन्मयता से कार्य किया वह काबिले तारीफ है।
देर रात टीम सहित सुभाष चौक के शिविर में मौजूद नगर निगम के राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक ने बातचीत में जानकारी देते हुए कहा कि रात लगभग पौने 11 बजे तक टीम संपत्ति कर की लगभग 1380 रसीदों के जरिए 1 करोड़ 32 लाख की राशि प्राप्त कर चुकी है। इसी प्रकार जलकर की 550 रसीदो के माध्यम से लगभग 45 लाख रुपए की राशि प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा की दुकान बंद कर घर जाने वाले व्यापारियों को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से देर रात्रि तक सुभाष चौक एवं नगर निगम का काउंटर खुला रखा गया है। सुभाष चौक पर राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक अपनी पूरी टीम प्रकाश पांडे, विनोद सिंह चौहान, सनीष रजक, राजकुमार प्यासी, प्रमोद खरे, सुधीर खरे, दीपक पटेल सहित अन्य कर्मचारियों के साथ डटे रहे। जबकि नगर निगम कार्यालय में मुकेश राजपूत अपनी पूरी टीम के साथ लगकर कार्य कर रहे थे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *