संभावित बाढ़ से निपटने 10 संवेदनशील क्षेत्रों के लिए राहत शिविर चिन्हित, नियुक्त किए गए दल प्रभारी, व्यापक इंतजाम करने निगमायुक्त ने दिए निर्देश
कटनी। वर्षाकाल के दौरान अतिवृष्टि एवं संभावित बाढ़ अथवा जलभराव की स्थिति से नागरिकों की सुरक्षा एवं त्वरित राहत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम कटनी द्वारा व्यापक तैयारी की गई है। निगमायुक्त तपस्या परिहार द्वारा आदेश जारी कर नगर के 10 संवेदनशील एवं जलभराव संभावित क्षेत्रों का चिन्हांकन करते हुए वहां राहत एवं बचाव कार्यों के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के दल नियुक्त कर दिए हैं। साथ ही प्रभावित नागरिकों के सुरक्षित ठहराव हेतु विभिन्न विद्यालयों, सामुदायिक भवनों एवं सार्वजनिक परिसरों में राहत शिविर भी निर्धारित किए गए हैं।
राहत शिविर हेतु इन स्थलों को किया गया चिन्हित
जारी आदेशानुसार गाटर घाट आजाद चौक सागर पुलिया हेतु घंतीबाई स्कूल भवन, शेर चौक पुरवार कन्या शाला एवं क्षेत्रीय सामुदायिक भवन को राहत शिविर चिन्हित किया जाकर दल प्रभारी के रूप में सहायक यंत्री सुनील को नियुक्त किया गया है। वहीं मोहन घाट- मसुरहा घाट एवं आदर्श कॉलोनी क्षेत्र हेतु नदी पार शाला भवन एवं सामुदायिक भवन जालपा वार्ड को राहत शिविर चिन्हित करते हुए दल प्रभारी सहायक यंत्री आदेश जैन को नियुक्त किया गया है। राम मनोहर लोहिया वार्ड एवं नदी पार क्षेत्र एवं कुशवाहा नगर, सूर्या होटल के पास, कुठला, आधार काप हेतु रैन बसेरा बस स्टैंड, कुठला सामुदायिक भवन, शासकीय शाला भवन कुठला, एवं शासकीय शाला भवन पुरैनी को राहत के रूप में शिविर चिन्हित करते हुए उपयंत्री श्री पवन श्रीवास्तव को दल प्रभारी नियुक्त किया गया है।
जबकि गांधी गंज-जयप्रकाश वार्ड क्षेत्र के लिए कनकने स्कूल घंटाघर एवं तिलक राष्ट्रीय स्कूल को राहत शिविर चिन्हित कर उपयंत्री रवि हनोते को दल प्रभारी नियुक्त किया गया है। अंबेडकर वार्ड बाबा घाट क्षेत्र हेतु पुरवार शाला भवन गणेश चौक छात्र संग्राम परिषद शाला एवं सामुदायिक भवन एन.के.जे को चिन्हित कर दल प्रभारी उपयंत्री हिमांशु गौतम को बनाया गया है। गिरजा घाट, आधार काप एवं चक्की घाट क्षेत्र हेतु सरस्वती शाला नई बस्ती, सिंधी उ.मा.शाला भवन को चिन्हित कर उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी को दल प्रभारी बनाया गया है। शहडोल रोड से खिरहनी क्षेत्र एवं रपटा क्षेत्र हेतु निषाद स्कूल शाला भवन एवं प्राथमिक शाला खिरहनी को राहत शिविर चिन्हित कर उपयंत्री जे.पी.सिंह बघेल को दल प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार छपरवाह-मंगल नगर क्षेत्र पुलिया, लखेरा, सिमरार नदी पुलिया एवं एन.के.जे.क्षेत्र हेतु सामुदायिक भवन मंगल नगर, शासकीय स्कूल छपरवाह, एन.के.जे स्कूल को चिन्हित कर उपयंत्री राज ललित गुमास्ता को दल प्रभारी नियुक्त किया गया है।
जबकि माधवनगर-झिंझरी दुगाड़ी नाला, पी.डब्लयू डी कालोनी अर्जुन पैलेस के पीछे क्षेत्र हेतु माधव नगर उप कार्यालय, राबर्ट लाइन स्कूल भवन कैरिन लाईन स्कूल भवन को राहत शिविर के रूप में चिन्हित कर उपयंत्री संजय मिश्रा को दल प्रभारी तथा कटाए घाट, हाउसिंग बोर्ड बस्ती, इंदिरा ज्योति कालोनी आस्था प्लाजा के पास एवं बजरंग नगर कालोनी हेतु शासकीय शाला भवन झिंझरी, सामुदायिक भवन सुधार न्यास, कुम्हार मोहल्ला एवं सरस्वती स्कूल संजय नगर को राहत शिविर के रूप में चिन्हित करते हुए सहायक यंत्री अनिल जायसवाल को दल प्रभारी नियुक्त किया गया है। उक्त क्षेत्रों को संवेदनशील मानते हुए प्रत्येक क्षेत्र के लिए पृथक-पृथक राहत दल गठित किए गए हैं। इन दलों में निगम के उपयंत्री, सहायक यंत्री, राजस्व, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं अन्य शाखाओं के अधिकारियों-कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किए जा सकें।
निगमायुक्त तपस्या परिहार नें प्रत्येक चिन्हित क्षेत्र के लिए चिन्हित राहत शिविरों की समस्त आवयश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करानें के निर्देश दिए है। ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आश्रय, पेयजल, भोजन तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त नगर निगम परिसर के कम्युनिटी हॉल सहित मंगलनगर शासकीय शाला भवन, साधूराम उच्चतर माध्यमिक शाला एवं विभिन्न वार्डो में स्थापित सामुदायिक भवनों को रिजर्व राहत शिविर के रूप में भी सुरक्षित रखा गया है। नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने सभी नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सतर्कता बनाए रखें, राहत सामग्री एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करने हेतु निर्देशित किया है। उन्होंने निर्देशित किया है कि वर्षाकाल के दौरान आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए त्वरित एवं प्रभावी राहत व्यवस्था सुनिश्चित करें।








