कटनी में ट्रैफिक सुधार को लेकर माथापच्ची, शहर को मिलेगा आधुनिक यातायात सिस्टम, अधिकारियों लिया जायजा

कटनी में ट्रैफिक सुधार को लेकर माथापच्ची, शहर को मिलेगा आधुनिक यातायात सिस्टम, अधिकारियों लिया जायजा

कटनी। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए कटनी पुलिस अब बड़े स्तर पर विशेष कार्ययोजना तैयार कर रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यातायात पुलिस, नगर निगम और तकनीकी विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने गुरुवार को शहर के प्रमुख एवं संवेदनशील मार्गों का सघन निरीक्षण करते हुए सुधार के लिए माथापच्ची की।
यातायात प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर के नेतृत्व में टीम ने दुर्गा चौक, तिलक कॉलेज मोड़, पन्ना तिराहा और सागर पुलिया सहित कई व्यस्त क्षेत्रों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक दबाव, अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, फुटपाथ मार्केट और बरसात में जलभराव जैसी समस्याओं का तकनीकी विश्लेषण किया गया।
मुख्य समस्याएं जो सामने आईं
इस दौरान बाजार क्षेत्रों में पार्किंग व्यवस्था का अभाव, सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण और फुटपाथ दुकानों का बढ़ता दबाव, मुख्य मार्गों पर अव्यवस्थित ठेले और सब्जी दुकानों से जाम की स्थिति सामने आई।
होंगे बड़े बदलाव?
कटनी पुलिस और प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों एवं तिराहों का आधुनिकीकरण किया जाएगा। पुरानी रोटरियों का वैज्ञानिक तरीके से पुनर्निर्माण होगा ताकि ट्रैफिक का सुचारू संचालन हो सके और दुर्घटनाओं में कमी आए। इसके अलावा बाजार क्षेत्रों में जल्द ही सशुल्क पार्किंग व्यवस्था लागू करने की तैयारी की जा रही है। नगर निगम के सहयोग से चिन्हित स्थानों पर व्यवस्थित पार्किंग जोन बनाए जाएंगे। वहीं सड़क किनारे लगने वाले हाथ ठेलों और सब्जी विक्रेताओं के लिए अलग से वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे, जिससे मुख्य मार्गों को जाम मुक्त बनाया जा सके। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और सड़क पर अव्यवस्थित वाहन खड़े करने से बचें। निरीक्षण दल में मैनिट भोपाल के यातायात विशेषज्ञ, यातायात एवं परिवहन विभाग के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post