रीठी पुलिस ने दिया साइबर सुरक्षा का संदेश, सोच-समझकर करें क्लिक, रहें साइबर ठगी से सुरक्षित
कटनी/रीठी। जिले में चलाए जा रहे “सेफ क्लिक 2.0” साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत थाना रीठी पुलिस द्वारा गुरुवार दोपहर लगभग 3 बजे नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक कटनी के निर्देशन में संचालित इस 15 दिवसीय विशेष अभियान के अंतर्गत जिलेभर में आमजन को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, साइबर फ्रॉड, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अपराध एवं डिजिटल सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं।
इसी क्रम में थाना रीठी पुलिस ने स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं व्यापारियों से संवाद कर उन्हें साइबर अपराधियों के नए-नए तरीकों के बारे में बताया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या व्यक्तिगत दस्तावेज साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को बताया गया कि यदि वे किसी साइबर ठगी का शिकार होते हैं तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा आधिकारिक पोर्टल पर शिकायत करें। रीठी पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। अभियान के माध्यम से लोगों को सुरक्षित डिजिटल जीवनशैली अपनाने और साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। “सुरक्षित रहें, सतर्क रहें, सोच-समझकर करें हर क्लिक” इसी संदेश के साथ थाना रीठी पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है।








