रीठी जनपद पंचायत को मिला नया नेतृत्व, श्यामाबाई ठाकुर निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित

कटनी। जिले की जनपद पंचायत रीठी में राजनीतिक सरगर्मियों के बीच हुए मध्यावधि चुनाव ने क्षेत्र की सत्ता संरचना को नया स्वरूप दे दिया है। क्षेत्र क्रमांक 6 नौआ पटी से जनपद सदस्य श्यामाबाई ठाकुर को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। यह चुनाव पूर्व अध्यक्ष अर्पित अवस्थी के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के पारित होने के बाद रिक्त हुए पद को भरने के लिए कराया गया। अविश्वास प्रस्ताव के बाद से ही जनपद पंचायत में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई थीं और नए अध्यक्ष को लेकर अटकलों का दौर जारी था, जो अब समाप्त हो गया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया सुबह 11 बजे शुरू हुई। पूरी प्रक्रिया प्रशासन की निगरानी में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई। 15 सदस्यीय जनपद पंचायत में से 11 सदस्यों ने मतदान प्रक्रिया में भाग लिया, जबकि 4 सदस्य अनुपस्थित रहे। हालांकि अध्यक्ष पद के लिए केवल एक ही नामांकन पत्र प्राप्त हुआ, जो श्यामाबाई ठाकुर का था। नामांकन की जांच के बाद इसे वैध पाया गया और किसी अन्य प्रत्याशी के मैदान में न होने के कारण उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। घोषणा के बाद जनपद पंचायत परिसर में समर्थकों और जनप्रतिनिधियों के बीच उत्साह का माहौल देखा गया।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *