12 घंटे के भीतर दो अपहृत बालिकाओं को रंगनाथ नगर पुलिस ने सकुशल किया दस्तयाब, दो परिवारों की लौटी खुशियां

12 घंटे के भीतर दो अपहृत बालिकाओं को रंगनाथ नगर पुलिस ने सकुशल किया दस्तयाब, दो परिवारों की लौटी खुशियां

कटनी। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अपहृत बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रंगनाथ नगर पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए महज 12 घंटे के भीतर दो नाबालिग बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 जून 2026 को शाम 7:45 बजे फरियादिया निशा वंशकार, निवासी फारेस्टर वार्ड थाना रंगनाथ नगर, ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री दोपहर 2 बजे से घर से लापता है, जिसका कोई पता नहीं चल रहा है। शिकायत पर थाना रंगनाथ नगर में मामला पंजीबद्ध किया गया। इसी प्रकार, दिनांक 21 जून 2026 को दोपहर 2:30 बजे फरियादिया रेशमा खान, निवासी चांदी की दफाई, बरगवां थाना रंगनाथ नगर, ने सूचना दी कि उनकी नाबालिग पुत्री सुबह 10 बजे से लापता है।
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक अरुणपाल सिंह ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर शहर के विभिन्न स्थानों, थाना क्षेत्र एवं मंदिरों सहित संभावित स्थानों पर सघन तलाश अभियान चलाया। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद दोनों अपहृत बालिकाओं को अलग-अलग स्थानों से सकुशल दस्तयाब कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के उपरांत दोनों बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की तत्परता एवं संवेदनशीलता की स्थानीय नागरिकों एवं परिजनों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अरुणपाल सिंह सहित थाना रंगनाथ नगर के समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post