राजस्थान नवयुवक मंडल कटनी ने शीत ऋतु में जरूरत मंद बच्चों को भेंट किए गर्म वस्त्र, बच्चों में बांटा सुरक्षा और संस्कारों का उपहार

कटनी। राजस्थान नवयुवक मंडल (रजि.) कटनी द्वारा सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए आज शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए शासकीय यशोदा बाई माध्यमिक शाला, हीरागंज कटनी में अध्ययनरत जरूरतमंद बच्चों को शीत से बचाव हेतु सेवा कार्य किया गया।
इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष रौनक खंडेलवाल ने कहा की बच्चे हमारे समाज का भविष्य हैं। ठंड से बचाने के लिए दिया गया यह सहयोग केवल वस्त्र वितरण नहीं, बल्कि उनके स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और मुस्कान की रक्षा का प्रयास है। राजस्थान नवयुवक मंडल आगे भी इसी भावना के साथ समाजसेवा के कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को नए स्वेटर, टोपी, दस्ताने एवं मोज़े के साथ-साथ चॉकलेट एवं चिप्स भी वितरित किए गए, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली। ठंड के मौसम में बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी सफलता रही। कार्यक्रम के दौरान मंडल सदस्य बलभद्र गौर द्वारा बच्चों को सांस्कृतिक नृत्य करवाया गया। इस दौरान मंडल के अन्य सदस्य भी बच्चों के साथ स्वयं बच्चे बनकर नृत्य करते नजर आए, जिससे पूरे विद्यालय परिसर में आनंद और अपनत्व का वातावरण बन गया। इसके पश्चात श्रीराम अग्रवाल द्वारा राष्ट्रगान कराया गया, जिससे बच्चों में देशभक्ति एवं संस्कारों की भावना जागृत हुई। कार्यक्रम के समापन पर अभिनंदन शर्मा (मोनू) एवं यश चमड़िया द्वारा सभी अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। विद्यालय प्रशासन द्वारा इस पुनीत सेवा कार्य के लिए राजस्थान नवयुवक मंडल (रजि.) कटनी का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से साकेत सोमानी, ऋषभ मित्तल, अंकित खंडेलवाल, अंकित सिंघानिया, मयंक बजाज, मयंक गोलछा, अंशुम खंडेलवाल, शशांक बजाज, जय स्वामी, अनुराग बगड़िया , शिवम शर्मा, जितेश अग्रवाल एवं अन्य सदस्य शामिल हुए। मंडल ने यह संकल्प दोहराया कि भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *