जिला कांग्रेस कार्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया राहुल गांधी का जन्मदिन
कटनी। नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जन्मदिन गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय आस्था प्लाजा में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केक काटकर राहुल गांधी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की तथा उनके विचारों और जनसेवा के प्रति समर्पण को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी देश के युवाओं, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों की आवाज बनकर लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का जीवन सत्य, साहस और जनहित के प्रति समर्पण का प्रतीक है, जो कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रेरित करता है। एड. शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी का सामाजिक न्याय, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का प्रयास देश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने केक काटकर जन्मदिन मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष राजेश जाटव, अजय जैसवानी, दिग्विजय सिंह, संजय गुप्ता, श्याम यादव, जितेंद्र बड़गैया, रमेश अहिरवार, विनोद अहिरवार, इकलाख अहमद, हर्षित मिश्रा सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








