कटनी नगर निगम की आउटसोर्स निविदा को लेकर उठे सवाल, जांच की मांग, अपात्र को मिल रही तरजीह, कलेक्टर, महापौर और निगमायुक्त से हुई शिकायत
कटनी। नगर पालिक निगम कटनी में जारी आउटसोर्सिंग की निविदा को लेकर एक फर्म ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए नगर निगम आयुक्त को शिकायत सौंपी है। समर्पण इंटरप्राइजेज सागर के प्रोपराइटर द्वारा 5 अक्टूबर 2026 को दिए गए पत्र में निविदा प्रक्रिया की निष्पक्षता और दस्तावेजों के परीक्षण पर सवाल उठाए गए हैं।
शिकायत कर्ता ने कहा की नगर निगम द्वारा तीसरी बार जारी निविदा में चार फर्मों ने भाग लिया था। इनमें तीन निविदाकारों को पात्र तथा एक को अपात्र माना गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि तीन पात्र निविदाकारों के तकनीकी दस्तावेजों का परीक्षण नियमों के अनुरूप नहीं किया गया। पत्र में विशेष रूप से एचएसएस सर्विसेज प्रोपराइटर से संबंधित दस्तावेजों का उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, निविदा शर्तों के अनुसार सीए द्वारा प्रमाणित पिछले तीन वर्षों के आयकर रिटर्न मांगे गए थे, लेकिन संबंधित फर्म द्वारा यह शर्त पूरी नहीं की गई। इसी तरह EPF/ESIC से संबंधित सीए प्रमाणित प्रमाण-पत्र भी संलग्न नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि जेम पोर्टल पर संलग्न कार्यादेश में एडिटिंग किए जाने की बात सामने आती है और इसकी प्रमाणिकता पोर्टल पर संबंधित निविदाकार के पेज क्रमांक 838 पर जांची जा सकती है। शिकायतकर्ता ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि अन्य दो पात्र फर्मों के दस्तावेजों की भी जांच कराकर निविदा प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाया जाए। पत्र में आरोप लगाया गया है कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो शिकायतकर्ता न्यायालय की शरण लेने के लिए बाध्य होगा। शिकायत की प्रतिलिपि नगर निगम महापौर और कटनी कलेक्टर को भी भेजी गई है। अब देखना होगा कि नगर निगम प्रशासन इन आरोपों की जांच कराता है या नहीं और निविदा प्रक्रिया को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है।