नगर निगम कटनी में आठ एल्डरमैन की नियुक्ति, जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई
कटनी। मध्य प्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग, मंत्रालय भोपाल द्वारा प्रदेश के विभिन्न नगर निगमों एवं नगरीय निकायों में एल्डरमैन की नियुक्तियां की गई हैं। इसी क्रम में नगर निगम कटनी के लिए भी आठ एल्डरमैन मनोनीत किए गए हैं। शासन के आदेश जारी होने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
जारी सूची के अनुसार अंबेडकर वार्ड क्रमांक 21 निवासी वेंकटेश मिश्रा, वंशस्वरूप वार्ड क्रमांक 29 निवासी शोभा कुरील, रघुनाथगंज वार्ड क्रमांक 23 निवासी प्रमोद तिवारी, तुलसी नगर स्थित दुबे कॉलोनी निवासी अम्बरीष वर्मा (अम्बू), शास्त्री कॉलोनी निवासी आशुतोष शुक्ला, राहुल बाग निवासी नरेश अग्रवाल, विनोबा भावे वार्ड क्रमांक 15 निवासी अभिषेक शर्मा तथा कृषि उपज मंडी रोड स्थित साईं मंदिर के सामने निवासी अनुराग त्रिसोलिया को नगर निगम कटनी का एल्डरमैन नियुक्त किया गया है। नव नियुक्त एल्डरमैनों को नगर निगम की सामान्य सभा की बैठकों में भाग लेने के साथ ही शहर के विकास और जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव रखने का अवसर मिलेगा। माना जा रहा है कि इनके अनुभव और सामाजिक सक्रियता का लाभ नगर निगम प्रशासन को मिलेगा।
इन नियुक्तियों पर जिला भाजपा संगठन, महापौर और जिले के जनप्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी मनोनीत एल्डरमैनों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। जनप्रतिनिधियों ने विश्वास जताया है कि सभी एल्डरमैन नगर विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने भी नव नियुक्त एल्डरमैनों को बधाई देते हुए उनसे शहर के विकास कार्यों में सकारात्मक योगदान की अपेक्षा व्यक्त की है।








