स्वच्छता में जनसहभागिता ही कटनी की सबसे बड़ी ताकत, कलेक्टर की शहरवासियों से आत्मीय अपील
कटनी। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के तहत कटनी शहर में जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा व्यापक स्तर पर स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इसके मद्देनजर कलेक्टर आशीष तिवारी ने शहरवासियों से अपनी कटनी को साफ स्वच्छ और सुंदर बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।
कलेक्टर श्री तिवारी ने शहरवासियों से आत्मीय अपील में कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम कभी भी शहर का निरीक्षण करने पहुंच सकती है और नगर निगम द्वारा जल प्रबंधन, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर की वास्तविक सफलता केवल प्रशासनिक प्रयासों से नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से सुनिश्चित होती है।
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने घर, गली, कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में स्वयं जिम्मेदारी निभाएं तथा नगर निगम प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि सभी नागरिक मिलकर स्वच्छता अभियान में सहभागी बनेंगे, तो कटनी को न केवल प्रदेश बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी एक नई और सकारात्मक पहचान प्राप्त होगी। कलेक्टर श्री तिवारी ने नागरिकों से यह भी अपील की कि वीडियो में प्रदर्शित क्यूआर कोड के माध्यम से अपना फीडबैक अवश्य दें। उन्होंने कहा कि नागरिकों का सकारात्मक एवं रचनात्मक फीडबैक शहर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के साथ-साथ स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग सुधारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने अंत में कहा कि “स्वच्छ कटनी, सुंदर कटनी” के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।








