जनसुनवाई में बढ़ा आमजन का भरोसा, जनसुनवाई में दिखा पुलिस का मानवीय चेहरा, दिव्यांग की पीड़ा सुनने उस तक पहुंची एसडीओपी, एसपी ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कटनी। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के तहत मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कटनी में एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों पर गंभीरता से सुनवाई करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कई मामलों में अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, जबकि कुछ प्रकरणों में दूरभाष के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। जनसुनवाई के दौरान आज एक ऐसा भी दृश्य देखने को मिला जब एक दिव्यांग पीड़ित की शिकायत सुनने एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी कार्यालय से निकलकर उस तक पहुंची। एसडीओपी ने न केवल उसकी पीड़ा सुनी बल्कि उसकी पीड़ा का निवारण करने का भी उसे भरोसा दिलाया।
आज प्राप्त शिकायतों में पारिवारिक विवाद, पड़ोस संबंधी विवाद, दस्तावेजों का दुरुपयोग कर ऋण लेने से जुड़ी धोखाधड़ी, पैसों के लेन-देन के विवाद, मकान एवं दुकान पर अवैध कब्जा, महिला द्वारा ब्लैकमेलिंग, वित्तीय धोखाधड़ी, सुनवाई नहीं होने की शिकायतें, प्लॉट एवं भूमि विवाद, महिला अपराध सहित अन्य पुलिस संबंधी मामले शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हो सके।