नशे से दूरी रखने पुलिस ने दिलाई शपथ, अभियान के अंतर्गत पुलिस द्वारा आयोजित किए गए जनजागरूकता कार्यक्रम

कटनी। प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान के तहत कटनी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं और स्कूली छात्रों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों से अवगत कराना एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित कराना रहा।
इसी क्रम में बाकल पुलिस के द्वारा शासकीय माध्यमिक विद्यालय पटीराजा और ग्राम कूड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां विद्यार्थियों को नशा करने से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में बताया गया एवं नशा न करने की शपथ दिलाई गई। कोतवाली थाना क्षेत्र में नगर रक्षा समिति के सदस्यों को आमंत्रित कर नशामुक्ति के संबंध में जानकारी दी गई तथा सभी को नशा न करने और दूसरों को भी प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। महिला थाना कटनी में ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों को बुलाकर नशा मुक्ति पर विशेष चर्चा की गई।
थाना उमरिया पान परिसर में आयोजित बैठक में ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई और नशा न करने की शपथ दिलाई गई। थाना बड़वारा द्वारा ग्राम रोहनिया स्थित शासकीय विद्यालय में छात्रों को संबोधित किया गया। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने हेतु प्रेरित किया गया और उन्हें नशामुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई गई।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस ने समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ते हुए जागरूकता का संदेश प्रसारित किया और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प को बल दिया।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *