कटनी पुलिस में पदोन्नति का गौरवपूर्ण पल, एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने अधिकारियों के कंधों पर सजाए सितारे

कटनी। कटनी पुलिस परिवार के लिए सोमवार का दिन गौरव और सम्मान का रहा। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) ने पदोन्नत अधिकारियों के कंधों पर नए पद के सितारे लगाकर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच पदोन्नत साथियों का स्वागत किया।
समारोह में सूबेदार अंजू लकड़ा, सूबेदार संजीव रावत, सूबेदार उमेश दुबे, स्टेनो रमेश विश्वकर्मा, उपनिरीक्षक (फिंगरप्रिंट) अखिलेश प्यासी तथा प्रधान आरक्षक (कंप्यूटर) लवकुश पटेल को पदोन्नति पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कार्यवाहक उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रत्नेश मिश्रा को उप पुलिस अधीक्षक के पद पर पदोन्नति मिलने पर विशेष रूप से बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
अपने संबोधन में एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों और जनता के विश्वास को और अधिक मजबूती से निभाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि सभी पदोन्नत अधिकारियों ने अपने सेवाकाल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और जनसेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किए हैं। उम्मीद है कि वे भविष्य में भी अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा, रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह का माहौल उत्साह, सम्मान और नई जिम्मेदारियों के संकल्प से सराबोर रहा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *