त्यौहारों के मद्देनजर निवार पुलिस की कार्रवाई, चाकू लेकर राहगीरों को धमकाने वाला युवक गिरफ्तार
कटनी। आगामी त्यौहारों को देखते हुए जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और आदतन अपराधियों की लगातार चेकिंग की जा रही है। इसी अभियान के तहत निवार पुलिस ने ग्राम जरवाही में चाकू लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 18 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जरवाही स्थित श्मशान घाट के सामने आम के पेड़ के नीचे एक युवक कमर में चाकू रखकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान किर्रा उर्फ सरमन लूनिया (35), पिता कामता प्रसाद लूनिया, निवासी बिचपुरा, चौकी निवार, थाना माधवनगर, जिला कटनी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके दाहिने कमर में एक धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक आरोपी चाकू रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
मामले में पुलिस ने धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 998/2026 दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना माधवनगर में पूर्व से 06 आपराधिक प्रकरण भी दर्ज हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी अजाक शिवा पाठक एवं थाना प्रभारी माधवनगर शैलेन्द्र सिंह यादव के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में चौकी प्रभारी निवार अंजनी मिश्रा, सउनि राजेश कोरी, कमलेश्वर शुक्ला, प्रधान आरक्षक गौरव सेन, आरक्षक अरविंद कुशवाहा एवं वकील यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।